दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग। सावन के पावन अंतिम सप्ताह में मंगलवार को नगर में भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। करीब दो दर्जन महिलाओं ने कावड़ में पवित्र जल लेकर लगभग छह किलोमीटर की पदयात्रा की और प्राचीन शिव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान और भक्तिभाव से जलाभिषेक किया।
सुबह करीब सात बजे नगर की बस्ती में स्थित राम मंदिर से महिलाओं ने कावड़ यात्रा का शुभारंभ किया। पीले वस्त्र धारण कर हाथों में कावड़ लिए महिलाएं भजन-कीर्तन और भगवान शिव के जयकारों के साथ आगे बढ़ीं। सावन की भक्ति में सराबोर कावड़ यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, वातावरण शिवमय होता गया। श्रद्धालु महिलाओं के चेहरे पर भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था।
लगभग छह किलोमीटर की पदयात्रा पूरी कर महिलाएं सारंगपुर के आमा टोला स्थित कल्चुरी काल के प्राचीन शिव मंदिर पहुंचीं। यहां पहुंचकर उन्होंने पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना के लिए भोलेनाथ से आशीर्वाद मांगा।
इस धार्मिक कावड़ यात्रा में अधिकांश महिलाएं साहू समाज की थीं, वहीं अन्य समाज की महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सावन के अंतिम दिनों में आयोजित इस श्रद्धामयी यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया।
