दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला मोहगांव, में बढ़ती महंगाई ने आम आदमी के घर का बजट बिगाड़ दिया है। रसोई गैस से लेकर पेट्रोल-डीजल, बिजली और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के बढ़ते दामों के खिलाफ अब कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मोहगांव ने ब्लॉक अध्यक्ष इकबाल खान के नेतृत्व में 27 अगस्त को जोरदार प्रदर्शन करते हुए महामहिम राज्यपाल के नाम नायब तहसीलदार मोहगांव को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई की लगातार मार से आम परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह चरमरा गया है। चीनी के बढ़ते दाम, पेट्रोल-डीजल की कीमतों के चलते यात्री बसों में बढ़ा किराया, महंगे गैस सिलेंडर और आसमान छूते बिजली बिल ने आम आदमी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने चीनी के दाम कम करने, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी करने, पेट्रोल में मिलावट पर रोक लगाने, गैस सिलेंडर सस्ता करने तथा गैस वितरण की समय-सीमा 45 दिन से घटाकर 25 दिन करने की मांग की। इसके साथ ही बिजली कटौती कम करने और बढ़े हुए बिजली बिलों से उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग भी उठाई गई।
15 दिन का अल्टीमेटम, नहीं तो होगा उग्र आंदोलन
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने साफ शब्दों में शासन-प्रशासन को चेतावनी दी कि ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों का 15 दिवस के भीतर निराकरण नहीं किया गया तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। कांग्रेस ने कहा कि आगामी आंदोलन की पूरी जवाबदारी शासन-प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए महंगाई पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ता थाना प्रांगण पहुंचे, जहां नायब तहसीलदार मोहगांव को ज्ञापन सौंपा गया।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। अब देखना यह है कि कांग्रेस के इस अल्टीमेटम के बाद शासन-प्रशासन महंगाई से राहत देने के लिए क्या कदम उठाता है या फिर 15 दिन बाद कांग्रेस का आंदोलन और अधिक उग्र रूप लेगा।
