शहपुरा मुख्य बाजार में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस की हुंकार, चुटकी-चुटकी चीनी-प्याज बांटकर जताया विरोध

Revanchal
3 Min Read


दैनिक रेवांचल टाइम्स — शहपुरा।
बेलगाम बढ़ती महंगाई और सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस ने शहपुरा के मुख्य बाजार में जन जागरूकता रैली निकालकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश तथा जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) अध्यक्ष संजय यादव के आह्वान पर शहपुरा एवं बेलखेड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।


रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल, घरेलू गैस सिलेंडर, चीनी और प्याज की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन का सबसे अलग अंदाज उस समय देखने को मिला, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आम लोगों और व्यापारियों को सांकेतिक रूप से चुटकी-चुटकी चीनी और प्याज वितरित कर महंगाई की मार का अहसास कराने का प्रयास किया।


कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम बढ़ने से मध्यमवर्ग और गरीब परिवारों के सामने घर का खर्च चलाना चुनौती बनता जा रहा है। कांग्रेस ने सरकार से महंगाई पर तत्काल प्रभावी नियंत्रण की मांग की।


बाजार में गूंजे महंगाई के खिलाफ नारे
शहपुरा मुख्य बाजार में निकली रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर आवाज बुलंद की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि महंगाई केवल आंकड़ों का विषय नहीं, बल्कि सीधे आम परिवार की रसोई और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ा सवाल है।
प्रदर्शन में शहपुरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सोनू दुबे एवं बेलखेड़ा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दुर्जन पटेल सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में राजेश सिंह, चतुर सिंह लोधी, महेंद्र पाल सिंह, लोकेश मिश्रा, भूपेंद्र सिंह, चमन राय, संग्राम सिंह, तीरथ सिंह, विवेक सिंघई, आशीष जैन, रानी ठाकुर, घनश्याम पटेल, विनय पटेल, शेख शहीद, सत्येंद्र चौबे, देवेंद्र सिंह बिंदु, अनिरुद्ध पटेल, राकेश पटेल, चैन सिंह, संजय उपाध्याय, वृंदावन तिवारी, नितिन दुबे, ठाकुर महेंद्र सिंह, अशोक बेन, दुमल बेन, बद्दू प्रजापति, अर्जुन ठाकुर, विजय भाई, विजय बहादुर, धनीराम, बिंदु श्रीपाल, अर्जुन बर्मन और हल्ले वंशकार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।


कांग्रेस प्रवक्ता विवेक यादव ने कहा कि महंगाई के खिलाफ यह अभियान केवल विरोध प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आम जनता को महंगाई के वास्तविक असर के प्रति जागरूक करने का प्रयास भी जारी रहेगा।

👁️ 12 views Views
Share This Article
Translate »