राजस्थान के जैसलमेर के तनोट थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक जिप्सी पलटने से सेना के एक मेजर की मौत हो गई और चार अन्य अधिकारी व जवान घायल हो गए। वे एक सैन्य अभ्यास में भाग लेने के बाद रामगढ़ जा रहे थे।
राजस्थान के जैसलमेर के तनोट थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक जिप्सी पलटने से सेना के एक मेजर की मौत हो गई और चार अन्य अधिकारी व जवान घायल हो गए। वे एक सैन्य अभ्यास में भाग लेने के बाद रामगढ़ जा रहे थे। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि लेफ्टिनेंट कर्नल प्रशांत राय (33), मेजर प्रियांशी शुक्ला (29), मेजर अमित (31) और मेजर टी.सी. भारद्वाज (32) लोंगेवाला के सीमावर्ती इलाके के पास एक सैन्य अभ्यास में भाग लेने के बाद अपनी जिप्सी से रामगढ़ लौट रहे थे।
जवान नसरुद्दीन द्वारा चलाई जा रही जिप्सी सीमावर्ती कस्बे गमनेवाला के पास एक मोड़ पर दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई। इस दुर्घटना में आंध्र प्रदेश निवासी मेजर टी.सी. भारद्वाज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जिप्सी में सवार तीन अधिकारी और चालक घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गमनेवाला के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे और सभी को रामगढ़ अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने मेजर भारद्वाज को मृत घोषित कर दिया। घायलों, लेफ्टिनेंट कर्नल प्रशांत, मेजर प्रियांशी शुक्ला, मेजर अमित और चालक नसरुद्दीन को वायु सेना के सैन्य अस्पताल ले जाया गया।
लेफ्टिनेंट कर्नल और मेजर प्रियांशी शुक्ला की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एयरलिफ्ट करके जोधपुर ले जाया गया। अन्य दो घायलों का जैसलमेर के आर्मी अस्पताल में इलाज चल रहा है। रामगढ़ पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव सेना को सौंप दिए। सेना और पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
