कबीर आश्रम की भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, डेढ़ माह बाद भी कार्रवाई नहीं

Revanchal
13
3 Min Read


समाज में बढ़ा असंतोष, राजस्व अधिकारियों को पहले ही दिए जा चुके हैं आवेदन


दैनिक रेवांचल टाईम्स – बजाग।
नगर में स्थित मानिकपुरी समाज की धार्मिक आस्था का केंद्र सतगुरु कबीर भवन इन दिनों अवैध कब्जे के आरोपों को लेकर चर्चा में है। कबीरपंथी समाज के लोगों का कहना है कि आश्रम की भूमि पर अतिक्रमण किए जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे समाज में असंतोष बढ़ता जा रहा है।


समाज के लोगों के अनुसार लगभग 25 डिसमिल भूमि कई वर्षों से कबीर भवन के नाम दर्ज है, जहां इन दिनों बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान भवन परिसर के उत्तर-पूर्व हिस्से में पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से अतिक्रमण कर कब्जा कर लिया गया है। इससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है और भविष्य में विवाद की स्थिति बनने की आशंका भी जताई जा रही है।


इस मामले में कबीरपंथी समाज और ग्राम पंचायत रैयत के सरपंच व सचिव द्वारा रैयत ग्राम पंचायत से संबंधित आवेदन बजाग तहसील कार्यालय में दिया गया था। आवेदन में प्रशासन से अतिक्रमण हटाने की मांग की गई थी, ताकि बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके।


ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन द्वारा अतिक्रमणकारी को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर कब्जा हटाने का निर्देश भी दिया गया था। साथ ही तहसीलदार द्वारा राजस्व निरीक्षक, हल्का पटवारी और पुलिस बल के साथ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए थे।

इसके बावजूद डेढ़ माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी जमीन से कब्जा नहीं हटाया जा सका है।


सूत्रों के अनुसार कब्जाधारी के कथित राजनीतिक प्रभाव के कारण कार्रवाई में देरी हो रही है। इस मुद्दे को लेकर हाल ही में कबीरपंथी समाज की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग दोहराई गई।
समाज के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सतगुरु कबीर भवन की भूमि से अवैध कब्जा शीघ्र हटाया जाए, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के पूरा हो सके और भविष्य में विवाद की स्थिति न बने।


इनका कहना है
“कब्जाधारी पर बेदखली की कार्रवाई की जा चुकी है। होली पर्व के कारण कब्जा नहीं हटाया जा सका। तीन दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।”
भरत सिंह बट्टे तहसीलदार

Share This Article
Translate »