रक्षाबंधन से पहले छिंदवाड़ा पुलिस का बड़ा उपहार: 501 गुम मोबाइल बरामद, बहनों और नागरिकों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

Revanchal
3 Min Read

​₹1 करोड़ से अधिक कीमत के 501 मोबाइल फोन खोजकर सायबर सेल ने उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे

रेवांचल टाइम्स ​छिंदवाड़ा

उम्मीद थी बाकी, तलाश रंग लाई रक्षाबंधन के पावन पर्व से ठीक पहले छिंदवाड़ा पुलिस ने जिलेवासियों, विशेषकर बहनों को एक अनूठा और भावुक उपहार दिया है। पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय के आदेशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में जिला सायबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेस किए गए 501 गुमशुदा मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटा दिए हैं।

​बरामद किए गए इन मोबाइल फोन्स की अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹1,00,06,000 (एक करोड़ छः हजार रुपये) बताई गई है। पुलिस कंट्रोल रूम छिंदवाड़ा में आयोजित एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब नागरिकों और बहनों को उनके खोए हुए फोन वापस मिले, तो उनके चेहरों पर संतोष और खुशी की मुस्कान छलक उठी।

हर वर्ग तक पहुंची राहत
​विगत कुछ महीनों में जिले के विभिन्न थानों और एसपी कार्यालय में मोबाइल गुम होने की शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। सायबर सेल ने अत्याधुनिक तकनीकी विश्लेषण का उपयोग करते हुए कड़ी मेहनत से इन मोबाइलों को विभिन्न स्थानों से ढूंढ निकाला।

​मोबाइल प्राप्त करने वालों में केवल बहनें ही नहीं, बल्कि शिक्षक, डॉक्टर, नर्स, अधिवक्ता, सरकारी व प्राइवेट कर्मचारी, बैंक कर्मी, इंजीनियर, सेना के जवान, व्यापारी, छात्र, किसान, ऑटो/ट्रैक्टर चालक और गृहिणियां शामिल हैं।

​पुलिस की सराहनीय पहल का सिलसिला जारी
​छिंदवाड़ा पुलिस द्वारा नागरिकों को राहत पहुंचाने का यह कोई पहला प्रयास नहीं है। इससे पहले भी कई बार गुम हुए मोबाइल ट्रेस कर उनके मालिकों तक पहुंचाए गए हैं। हालांकि, इस बार रक्षाबंधन के ऐन वक्त पर इतनी बड़ी संख्या (501 मोबाइल) में रिकवरी सायबर सेल की उच्च तकनीकी दक्षता और टीम की निरंतर लगन का उत्कृष्ट प्रमाण है।

उत्कृष्ट कार्य के लिए सायबर टीम होगी पुरस्कृत
​इस संपूर्ण अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम देने में जिला सायबर सेल टीम के आरक्षक आदित्य रघुवंशी, नितिन सिंह, अभिषेक ठाकुर, राहुल डडोरे, अंकित शर्मा एवं मोहित चन्द्रवंशी का विशेष और सराहनीय योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक महोदय ने टीम की इस शानदार सफलता पर पूरी सायबर सेल को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
​छिंदवाड़ा पुलिस का सायबर सुरक्षा संकल्प
​कार्यक्रम के अंत में छिंदवाड़ा पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए सायबर सुरक्षा का संकल्प दिलाया
​ ओटीपी (OTP) साझा न करें: किसी भी व्यक्ति के साथ अपना गोपनीय ओटीपी न बांटें।
​ अज्ञात कॉल्स पर विश्वास न करें: अनजान नंबरों से आने वाले संदिग्ध कॉल्स पर भरोसा न करें।
​ अज्ञात लिंक/APK फाइल डाउनलोड न करें: अनजान नंबरों से प्राप्त संदिग्ध लिंक या .APK फाइल्स पर क्लिक न करें और न ही इंस्टॉल करें।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »