घुघरी में महाविद्यालय स्थापना की मांग को लेकर मुख्यमंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल

Revanchal
2 Min Read

दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला जिले के सुदूर जनजातीय अंचल घुघरी विकासखंड में उच्च शिक्षा के अवसरों को बढ़ाने और क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर बिछिया विधानसभा क्षेत्र का एक प्रतिनिधिमंडल मध्य प्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री एवं मंडला विधायक श्रीमती संपतिया उयके के नेतृत्व में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिला।


प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर घुघरी क्षेत्र में महाविद्यालय की स्थापना सहित विभिन्न विकास कार्यों की मांग रखी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि क्षेत्र में महाविद्यालय की स्थापना के लिए आवश्यक कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ की जाएगी, जिससे स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता न पड़े।


इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल ने मध्य प्रदेश शासन के नगरीय प्रशासन मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय से भी भेंट कर नगर पंचायत बिछिया में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) की स्थायी नियुक्ति किए जाने संबंधी मांग पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज मरकाम, नगर पंचायत बिछिया अध्यक्ष रजनी मरावी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामप्रकाश साहू, जिला मीडिया प्रभारी सुधीर कसार, उपाध्यक्ष महेंद्र राठौर, पूर्व अध्यक्ष अजयपुरी गोस्वामी, जिला मंत्री शशिकांत श्रीवास्तव, सुरेंद्र क्षत्रिय, श्याम दुबे एवं ओमकार रजक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


घुघरी क्षेत्र में महाविद्यालय की स्थापना की मांग लंबे समय से की जा रही है। यदि यह मांग पूरी होती है तो क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे तथा जनजातीय अंचल के शैक्षणिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

👁️ 150 views Views
Share This Article
Translate »