
प्रातः ब्रह्म मुहूर्त से देर रात तक गूंजेंगे श्री राम के जयकारे, पूरे मंदिर प्रांगण को हरे-भरे पौधों से सजाने की तैयारी अंतिम चरणों में
राम नाम जप, जस गायन, विशाल निशुल्क दंत चिकित्सा शिविर, वृक्ष वितरण और महाप्रसाद का होगा भव्य आयोजन
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
तहसील परिसर स्थित श्री पंचमुखी हनुमान शनि मंदिर में आगामी आज (मंगलवार) को हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर भक्ति और जनसेवा का एक अनूठा संगम देखने को मिलेगा। श्री पंचमुखी हनुमान शनि जन कल्याण समिति एवं राय परिवार के सौजन्य से शहर के वरिष्ठ पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दादा रूपचंद राय एवं प्रदीप कुमार राय के पौत्र तनिष्क राय के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में एक विशाल ‘हरियाली महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
इस उपलक्ष्य में संपूर्ण मंदिर प्रांगण को भांति-भांति के हरे-भरे सजीव पौधों से एक अलौकिक व दिव्य रूप देकर सजाया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा।
दिनभर आयोजित होने वाले मुख्य धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम
प्रातः ब्रह्म मुहूर्त भगवान श्री पंचमुखी हनुमान जी एवं शनि देव का विशेष मंत्रोच्चार के साथ भव्य महाअभिषेक, जिसके उपरांत प्रातःकालीन आरती होगी।
प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक अखंड राम नाम जप का आयोजन, जिससे संपूर्ण परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहेगा।
दोपहर 3:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक शहर के ख्यातिलब्ध जस मंडलों द्वारा प्रस्तुत जस गायन का विशेष कार्यक्रम।
शाम 4:00 बजे से 6:00 बजे तक (निशुल्क दंत शिविर) सामाजिक सरोकार के तहत शहर के प्रसिद्ध एवं अनुभवी दंत चिकित्सकों द्वारा मरीजों के लिए ‘निशुल्क दंत जांच एवं परामर्श शिविर’ का आयोजन।
सायं 7:00 बजे महाआरती व महाप्रसाद हनुमान जी महाराज एवं शनि महाराज की दिव्य महाआरती उतारी जाएगी, तत्पश्चात सभी श्रद्धालुओं के लिए विशाल महाप्रसाद वितरण आरंभ होगा।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश बांटे जाएंगे निशुल्क पौधे
हरियाली महोत्सव की मूल भावना को साकार करते हुए समिति द्वारा मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने हेतु निशुल्क हरे-भरे पौधों का वितरण भी किया जाएगा।
आयोजकों की अपील
श्री पंचमुखी हनुमान शनि जन कल्याण समिति एवं राय परिवार ने शहर के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं व श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर महाआरती, धर्म लाभ, निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं एवं प्रसादी को ग्रहण करने की सहर्ष अपील की है।
