रेवांचल टाईम्स मंडला – तहसील मुख्यालय घुघरी अंतर्गत ग्राम घोरेघाट में हुए चर्चित हत्याकांड के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। इसी बीच बिछिया विधायक मृतक अनिल पड़वार के घर पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।
विधायक ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा क्षेत्र उनके साथ खड़ा है। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही। इस दौरान विधायक द्वारा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई, ताकि परिवार को तत्काल राहत मिल सके।
ज्ञात हो कि घोरेघाट में किराना सामान के भुगतान को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था, जिसमें अनिल पड़वार की मौत हो गई थी तथा अन्य परिजन घायल हुए थे। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला था और पुलिस ने मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ग्रामीणों ने विधायक के गांव पहुंचने और परिवार की सहायता करने को मानवीय पहल बताते हुए प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
