दैनिक जागरण रेवांचल टाइम्स अजनिया मंडला शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, माधोपुर में विद्यार्थियों के कौशल विकास और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नवीन व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत मई माह में विशेष ऑन जॉब ट्रेनिंग का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्राचार्य एच.एल. पटेल के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। प्रशिक्षण सत्र का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से परे वास्तविक कार्यस्थल के वातावरण से जोड़ना है।
प्रशिक्षण के दौरान व्यावसायिक प्रशिक्षक कृष्ण कुमार बनवाले के नेतृत्व में विद्यार्थियों को इलेक्ट्रिकल्स से संबन्धित तकनीकी बारीकियों और व्यावसायिक दक्षता के बारे में विस्तार से प्रशिक्षित किया जा रहा है। व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालक अभय विश्वकर्मा का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ है। इस प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को प्रेस, पंखा, कूलर एवं एलईडी लाइट असेंबल करने तथा सोलर पैनल सुधारने एवं इंस्टाल करने जैसे तकनीकी कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है साथ ही, उन्हें स्वरोजगार और रोजगार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
श्रीमती जिज्ञासा दुबे द्वारा छात्राओं को ब्यूटी एंड वेलनेस ट्रेड के अंतर्गत सौंदर्य एवं स्वास्थ्य देखभाल से संबंधित कौशल का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिससे उन्हें स्वरोजगार के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
नोडल अधिकारी श्री अशोक कुमार चन्द्रौल ने कहा कि व्यावसायिक शिक्षा का उद्देश्य ही छात्रों को कौशल संपन्न बनाकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार हेतु तैयार करना है।
वहीं, प्राचार्य श्री एच.एल. पटेल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि, इस प्रकार के व्यावहारिक प्रशिक्षण से न केवल विद्यार्थियों का तकनीकी ज्ञान बढ़ रहा है, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी विकसित हो रहा है, जो उनके सुनहरे भविष्य की नींव है। यह प्रशिक्षण उनके करियर निर्माण में सहायक सिद्ध होगा।
