विभाग के ऑटो को खड़ा करके भूले जिम्मेदार ; दफ्तर के सामने खड़े ऑटो के कलपुर्जे नदारद

Revanchal
20
4 Min Read

नगर पालिका पनागर के जबावदारों का नया कारनामा

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – पनागर। नगर पालिका परिषद पनागर के जिम्मेदार अधिकारी अपने वाहनों की ही सुरक्षा नहीं कर पा रहे हैं। कार्यालय के ठीक सामने बस स्टैंड में खड़े ऑटो के कलपुर्जे, छप्पर समेत अन्य आवश्यक और मंहगे सामान की चोरी हो चुकी है।

बावजूद इसके, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी आंखे मूंदे हुए हैं। कचरा वाहन के रूप में सेवाएं देने वाला यह ऑटो वर्तमान में चलने लायक भी नहीं रह गया है। इस ओर न तो परिषद के जनप्रतिनिधियों का कोई ध्यान है और न ही जिम्मेदार अधिकारियों को इससे कोई सरोकार रह गया है।


स्थानीय लोगों ने बताया कि नीले रंग का यह ऑटो करीब 2 वर्ष से एक ही स्थान पर खड़ा हुआ है। 3 पहिया इस ऑटो को नगर में कचरा प्रबंधन के कार्य के लिए खरीदा गया था। करीब 1 वर्ष तो इस नए नवेले ऑटो से सेवाएं नगर पालिका के स्वास्थ्य विभाग ने बखूबी लीं, लेकिन उसके बाद न जाने क्यों कार्यालय के सामने बस स्टैंड की सब्जी मंडी में खड़ा कर जिम्मेदार इस बारे में भूल चुके हैं।

असमाजिक तत्वों और नशेड़ियों ने मिलकर ऑटो के कलपुर्जे समेत आधा से भी ज्यादा कीमती सामान निकाल लिया है। वहीं विभागीय सूत्रों की माने तो परिषद के एक प्रमुख अधिकारी के चलते ही इसे करीब 24 माह से खड़ा किया गया है। रोजाना कार्यालय आते और जाते वक्त वह दबी निगाहों से तो इसे देखते हैं, लेकिन पूरी जानकारी होने के बाद भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस बारे मेें भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष से जानकारी के लिए संपर्क किया, तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।


सरकारी पैसों की बर्बादी-
वहीं इस बारे में स्थानीय लोगों ने नगर पालिका के अधिकारियों पर आरोप लगाया है कि क्षणिक स्वार्थ के चलते यहां यह सब होना आए दिन की बात है। जनता के टैक्स रूपी गाढ़े पसीने की कमाई को जिम्मेदारों द्वारा लुटाया जा रहा है। पूरा कार्यालय परिसर सीसीटीवी की जद में होने के बावजूद न तो ऑटो के सामान को चोरी करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई की और न ही ऑटो को कचरा प्रबंधन के कार्य में दोबारा सुचारू रूप से लगाया गया है।
वर्जन 01
हमें खुद जानकारी नहीं
यह मेरा नहीं अमित सेन सर का विभाग है। मुझे जानकारी नहीं है। आपने बताया तो जाकर देखा। वाहन काफी क्षतिग्रस्त हालत में है। पता कराया तो जानकारी लगी कि वाहन परिषद का ही है। इस बारे में स्वास्थ्य प्रभारी ही जबाव दे पाऐंगे।


शिवम जैन, इंजीनियर, नपा. पनागर
वर्जन 02
हम कल बता पाऐंगे
हम क्या-क्या विभाग देखें। असल में स्वास्थ्य विभाग शिवम जैन ही देख रहे हैं। बाकी ऑटो के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। फिर भी इस बारे में कल जानकारी लेकर बताता हूं। ऑटो क्यों खड़ा किया गया है, पता करता हूं।
अमित सेन, स्वास्थ्य प्रभारी

Share This Article
Translate »