मवई में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य कार्यक्रम, 20 गांवों की दीदियां हुईं शामिल

Revanchal
2
2 Min Read

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला, मवई। सामुदायिक भवन मवई में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उद्योगिनी संस्था द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में संस्था के कार्यक्षेत्र के लगभग 20 गांवों से स्व-सहायता समूह की दीदियां शामिल हुईं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।


कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और महिलाओं की भागीदारी पर विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान दीदियों के कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित एक प्रेरणादायक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिससे उपस्थित महिलाओं में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला।

कार्यक्रम में आजीविका परियोजना के ब्लॉक समन्वयक राकेश जागेला, महिला एवं बाल विकास विभाग के ब्लॉक परियोजना अधिकारी ओंकार सिंह मसराम, फील्ड सुपरवाइजर सुलोचना सियाम, रविता कुड़पे तथा उद्योगिनी संस्था के परियोजना समन्वयक अमित पटेल, संदीप श्रीवास, नरेश गायकवाड, सरोज पड़वार, नरेश पड़वार, परमेश्वरी सोनवानी सहित संस्था के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समूह की दीदियां उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर दीदियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लेते हुए नृत्य, गीत एवं पारंपरिक करमा-दरिया जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कई गांवों से दीदियां अपने स्वयं के खर्च पर कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं।

महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि महिलाएं और बच्चे इन योजनाओं का लाभ किस प्रकार प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और दीदियों ने छत्तीसगढ़ी गीतों पर नृत्य करते हुए महिला दिवस को उत्साहपूर्वक मनाया।

अंत में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आजीविका परियोजना के अधिकारियों द्वारा उद्योगिनी संस्था को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Share This Article
Translate »