सांसद बंटी विवेक साहू ने इमलीखेड़ा में निर्माण स्थल का किया निरीक्षण अधिकारियों को दिए विश्वस्तरीय गुणवत्ता के निर्देश
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला
जिले के खिलाड़ियों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में, सांसद बंटी विवेक साहू की विशेष पहल पर इमलीखेड़ा में एकीकृत बहुउद्देशीय खेल परिसर का निर्माण शुरू होने जा रहा है। सोमवार को सांसद ने आवंटित 20 एकड़ भूमि का मौका मुआयना किया और निर्माण कार्यों की रूपरेखा को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
50 साल की मांग हुई पूरी
उल्लेखनीय है कि छिंदवाड़ा में एक सर्वसुविधायुक्त खेल परिसर की मांग पिछले 5 दशकों से की जा रही थी। हाल ही में संपन्न हुए ‘सांसद खेल महोत्सव’ के दौरान खेल मंत्री विश्वास सारंग ने सांसद साहू की मांग पर इस प्रोजेक्ट के लिए 6 करोड़ 69 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है।
दो चरणों में निखरेगी खेल प्रतिभा
सांसद ने नक्शे और डिजाइन का अवलोकन करते हुए बताया कि निर्माण कार्य दो चरणों (फेज) में संपन्न होगा
प्रथम चरण प्रशासनिक भवन, एप्रोच रोड और इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण। इसमें बैडमिंटन, टेबल टेनिस, योगा हॉल, मल्टीपर्पस हॉल और आधुनिक फिटनेस सेंटर (जिम) की सुविधा होगी।
द्वितीय चरण आउटडोर खेलों पर फोकस रहेगा, जिसमें 400 मीटर सिंथेटिक ट्रैक, फुटबॉल मैदान, स्विमिंग पूल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और सिंथेटिक कोर्ट बनाए जाएंगे।
”हमारा लक्ष्य छिंदवाड़ा के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं प्रदान करना है ताकि यहाँ के खिलाड़ी ओलंपिक और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकें।” बंटी विवेक साहू, सांसद
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे अधिकारी व जनप्रतिनिधि
स्थल निरीक्षण के दौरान पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष जागेंद्र अल्डक, चंद्रकुमार जैन, राजू नरोटे, रोहित पटेल सहित म.प्र. भवन विकास निगम के SDO महेश अहिरवार, उपयंत्री अंशुल धाकड़ और जिला खेल अधिकारी के.के. चौरसिया प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
