रेवांचल टाइम्स – मंडला, जिले की तहसील मुख्यालय घुघरी में गोंडवाना साम्राज्य की वीरांगना एवं आदिवासी समाज की गौरवशाली धरोहर महारानी दुर्गावती जी के 462वें बलिदान दिवस के अवसर पर घुघरी में एक भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर विधायक निधि से निर्मित महारानी दुर्गावती की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।
कार्यक्रम 24 जून 2026, बुधवार को बस स्टैंड परिसर, घुघरी (जिला मंडला) में आयोजित होगा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11 बजे गोंगो पूजा के साथ होगी। आयोजन को लेकर क्षेत्र सहित पूरे गोंडवाना समाज में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में गोंडवाना गुरुदेव परम श्रद्धेय गुरु दादा दुर्गभगत सिंगार जी एवं ममतामयी गुरु माता दुर्गो दुलेश्वरी दाई की विशेष उपस्थिति रहेगी। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधिशा विधायक नारायण सिंह पट्टा करेंगे।
आयोजकों के अनुसार महारानी दुर्गावती ने मातृभूमि, स्वाभिमान और संस्कृति की रक्षा के लिए मुगल आक्रांता अकबर की सेना से संघर्ष करते हुए 24 जून 1564 को वीरगति प्राप्त की थी। उनके अदम्य साहस और बलिदान की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से यह प्रतिमा स्थापित की गई है।
समारोह में प्रदेश एवं जिले के अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गोंडवाना समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। आयोजन समिति ने समस्त समाजजनों, युवाओं एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
यह आयोजन न केवल महारानी दुर्गावती के शौर्य और बलिदान को नमन करने का अवसर होगा, बल्कि समाज को अपनी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
वही घुघरी में आयोजित होने जा रहा यह कार्यक्रम क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और स्मरणीय साबित होने की उम्मीद है।
