
दैनिक रेवांचल टाईम्स बजाग। तहसील अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर करंजिया मुख्यालय स्थित ग्रामीण क्षेत्रीय बैंक में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के अपमान और लापरवाही का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्रामवासियों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बजाग को लिखित शिकायत सौंपकर बैंक के प्रभारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि 15 अगस्त को ग्रामीण क्षेत्रीय बैंक करंजिया द्वारा सुबह करीब 7:30 बजे ध्वजारोहण किया गया था। इस दौरान बैंक के प्रभारी सहित कर्मचारी मौजूद थे। शिकायत के अनुसार स्थानीय विद्यालयों की प्रभात फेरी समाप्त होने के बाद करीब 9:30 से 10 बजे के बीच बैंक कर्मचारियों द्वारा तिरंगे को पाइप सहित निकालकर बैंक के अंदर रख दिया गया। बैंक के बाहर तिरंगा नहीं दिखाई देने पर स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी हुई और इसकी चर्चा होने लगी।

शिकायत के मुताबिक करीब 11:30 बजे बैंक खुलने पर कर्मचारियों ने तिरंगे को बाहर निकाला। ग्रामीणों का आरोप है कि ध्वज को सम्मानजनक तरीके से रखने की उचित व्यवस्था नहीं की गई थी। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि तिरंगे को टीन के डिब्बे में रेत भरकर खड़ा किया गया था, जिससे वह बार-बार गिर रहा था। इसके बाद तिरंगे को वहां से हटा दिया गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बैंक कर्मचारियों द्वारा ध्वजारोहण की तैयारी पूर्व से नहीं की गई और आनन-फानन में ध्वजारोहण किया गया। शिकायतकर्ताओं ने इसे राष्ट्रीय ध्वज के प्रति लापरवाही बताते हुए मामले की गंभीरता से जांच की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर इस प्रकार की लापरवाही का आम लोगों पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। ग्रामीणों ने एसडीएम से भारतीय ध्वज संहिता के तहत उचित कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है
