मानवता की मिसाल: दुर्घटनाग्रस्त वाहन से घायलों को सुरक्षित निकालकर बचाई जान, ‘अग्निमंडल’ समूह ने किया मनीष बर्मन का सम्मान

Revanchal
2 Min Read


​दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला, नारायणगंज स्थानीय क्षेत्र के निवासी मनीष बर्मन और उनके सहयोगियों ने मानवता का एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की जान बचाई है। इस साहसी कार्य के लिए मंगलवार को सामाजिक समूह ‘अग्निमंडल’ द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में उन्हें सम्मानित किया गया।
​क्या थी घटना?
जानकारी के अनुसार, 6 जुलाई की रात्रि को नारायणगंज के बलाई पुल पर मध्य प्रदेश शासन का एक शासकीय बुलेरो वाहन मोटरसाइकिल सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गया था। वाहन में एक पुरुष, दो महिलाएं और एक 2 साल की बच्ची सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही वहां मौजूद मनीष बर्मन और उनके साथियों ने बिना समय गंवाए तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जिससे समय पर उपचार मिलने के कारण सभी की जान बच सकी।


​आयोजित सम्मान समारोह
इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए मंगलवार को ‘अग्निमंडल’ समूह द्वारा महाआरती के उपरांत एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मनीष बर्मन और उनके सहयोगियों को शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया और उनकी वीरता की प्रशंसा की गई।


​इस अवसर पर अग्निमंडल के अध्यक्ष राहुल सोनी ‘जानू’, संरक्षक रिंकू सोनी, उपाध्यक्ष विवेक शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रियांश अग्रवाल सहित विपत बर्मन, हिरदेश साहू, विजय साहू, कैलाश सोनी और समूह के समस्त सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि मनीष बर्मन और उनके साथियों का यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणा है और हर व्यक्ति को मुसीबत में फंसे लोगों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।

👁️ 9 views Views
Share This Article
Translate »