पानी संकट से जूझ रहा भोमा, ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश

Revanchal
2 Min Read

समस्या समाधान नहीं होने पर चक्का जाम की चेतावनी, पंचायत पहुंचकर जताई नाराजगी

सिवनी जिले की ग्राम पंचायत भोमा इन दिनों भीषण पेयजल संकट से जूझ रही है। लगातार बढ़ती पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। परेशान ग्रामीण बड़ी संख्या में पंचायत पहुंचे और जल्द समाधान की मांग उठाई गई।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से गांव में नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। महिलाओं और बुजुर्गों को दूर-दूर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

ग्रामीणों द्वारा पंचायत में बताया गया कि जब से एलएनटी लाइन का कार्य शुरू हुआ है, तब से गांव में पानी की शिकायतें लगातार बढ़ने लगी हैं। पाइप लाइन और जल व्यवस्था प्रभावित होने के कारण कई मोहल्लों में पानी पहुंचना बंद हो गया है। समस्या के चलते ग्रामीणों में नाराजगी का माहौल बना हुआ है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए सरपंच द्वारा ग्रामीणों को तीन दिन के भीतर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया है। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि निर्धारित समय में पानी की व्यवस्था सुचारू नहीं हो पाती है, तो एलएनटी लाइन को बंद करवाने हेतु कलेक्टर महोदय से अपील की जाएगी।

बैठक के दौरान कई ग्रामीणों द्वारा चेतावनी दी गई कि यदि जल्द राहत नहीं मिली, तो सड़क पर उतरकर चक्का जाम किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से शिकायतें किए जाने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।

गांव में गहराते जल संकट को लेकर अब प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कर लोगों को राहत प्रदान की जाए।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »