रेवांचल टाइम्स पन्नाl देशभर के दवा व्यापारियों में ऑनलाइन और कॉर्पोरेट ई-फार्मेसियों की मनमानी के खिलाफ भारी आक्रोश है। पन्ना जिला औषधि विक्रेता संघ और राष्ट्रीय संगठन के नेतृत्व में आगामी 20 मई 2026 को एक बड़े राष्ट्रव्यापी बंद का आह्वान किया गया है। इस संबंध में दवा विक्रेताओं ने आज रविवार 17 मई दोपहर साढे 12 बजे खजुराहो लोकसभा सांसद विष्णुदत्त शर्मा को एक ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
दवा संघ का आरोप है कि अवैध ई-फार्मेसियों द्वारा बिना वैध पर्चे के धड़ल्ले से दवाइयां बेची जा रही हैं, जिससे नकली दवाओं का जोखिम और एंटी-माइक्रोबियल रेजिस्टेंस जैसी गंभीर जनस्वास्थ्य समस्याएं खड़ी हो रही हैं। इसके अलावा, बड़ी कॉपोरेट कंपनियां अनुचित तरीके से भारी छूट देकर छोटे और मध्यम केमिस्टों के अस्तित्व को खत्म कर रही हैं।
दवा विक्रेताओं की मांग है कि कोविड काल के दौरान जारी की गई अधिसूचना 220(E) को तुरंत वापस लिया जाए। इस प्रस्तावित हड़ताल में देश के करीब साढ़े 12 लाख से अधिक दवा विक्रेता और वितरक शामिल हो रहे हैं।
