​छिंदवाड़ा को मिलेगी ‘कला संकुल’ की सौगात: भोपाल में अत्याधुनिक ऑडिटोरियम पर बनी सहमति

Revanchal
12
2 Min Read

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला

छिंदवाड़ा के महापौर विक्रम अहके ने भोपाल स्थित स्वराज भवन में मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान जिले में कला और संस्कृति के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में भारत सरकार की कला संस्कृति विकास योजना (केएसवीवाई) के अंतर्गत छिंदवाड़ा में एक आधुनिक ऑडिटोरियम (कला संकुल) के निर्माण का प्रस्ताव भेजने पर सहमति बनी। यह योजना संस्कृति मंत्रालय द्वारा संचालित एक अम्ब्रेला स्कीम है, जिसके तहत देशभर में सांस्कृतिक संगठनों और कलाकारों को वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है, विशेष रूप से अनुसूचित जाति वर्ग के कलाकारों को भी इसका लाभ मिलता है।

महापौर विक्रम अहके ने छिंदवाड़ा में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ऑडिटोरियम निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। इस पर संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी ने आश्वस्त किया कि प्रस्ताव को मुख्यमंत्री के समक्ष शीघ्र प्रस्तुत कर इसकी स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, भारत सरकार के संस्कृति मंत्री से भी सहयोग के लिए आग्रह किया जाएगा।

बैठक में ट्राइबल विभाग के माध्यम से भी ऑडिटोरियम निर्माण को लेकर चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त, बादल भोई संग्रहालय के खुले ऑडिटोरियम में आवश्यक सुधार कार्यों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

प्रस्तावित नया कला संकुल एक आधुनिक थिएटर के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें एक साथ बड़ी संख्या में लोग बैठ सकेंगे। इसमें उन्नत ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था के साथ शास्त्रीय संगीत, नृत्य, नाटक और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इसके साथ ही छिंदवाड़ा में एक वैदिक घड़ी स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर महापौर विक्रम अहके के नेतृत्व में छिंदवाड़ा ऑडिटोरियम के अध्यक्ष एवं रंगकर्मी सचिन वर्मा, वरिष्ठ कलाकार रोहित रूसिया, श्रीमती मृदुला शर्मा, दानिश अली एवं अमन खान सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Share This Article
Translate »