रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला
जिले की कमान संभाल रहे कलेक्टर हरेंद्र नारायन अब एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। मंगलवार को समय-सीमा प्रकरणों (TL) की साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने न केवल लापरवाह अधिकारियों को आड़े हाथों लिया, बल्कि जन सुरक्षा और हितग्राही मूलक योजनाओं को लेकर कड़े तेवर दिखाए।
लापरवाही पड़ी भारी
17 अधिकारियों को नोटिस, वेतन काटने के आदेश
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान 17 शिकायतें ‘नॉट अटेंडेड’ (बिना देखे लंबित) पाई गईं। इस पर गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी करने और बार-बार गलती दोहराने वालों का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।
जर्जर भवनों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ सुरक्षा सबसे पहले
बच्चों और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने कड़े निर्देश दिए कि
किसी भी जर्जर भवन में स्कूल या आंगनबाड़ी का संचालन तुरंत बंद किया जाए।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और पंचायतें पुरानी व जर्जर पानी की टंकियों को नियमानुसार डिस्मेंटल (ध्वस्त) करें।
सभी विभागों को अपने कार्यालय सुरक्षित बिल्डिंग में होने का प्रमाण-पत्र अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।
निर्माण कार्यों में लापरवाही पर ठेकेदार और इंजीनियरों को फटकार
लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किए जा रहे रेस्टोरेशन कार्यों की निम्न गुणवत्ता पर कलेक्टर ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने ठेकेदार को अंतिम चेतावनी देते हुए नगर निगम के इंजीनियरों को निर्देश दिए कि हर साइट की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। साथ ही, निर्माण स्थलों पर बैरिकेडिंग और रिफ्लेक्टर न होने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करने की बात कही।
महत्वपूर्ण निर्णय और अपडेट्स
नर्सिंग कॉलेज पर जांच जनसुनवाई में एस.ए.के. नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं द्वारा परीक्षा न होने की शिकायत पर कलेक्टर ने CMHO को तुरंत कॉलेज जाकर दस्तावेजों की जांच के आदेश दिए।
पेंशन व्यवस्था में बड़ा बदलाव 1 मार्च 2026 से जिला पेंशन कार्यालयों की डीडीओ पावर समाप्त हो जाएगी। अब पेंशन और ग्रेच्युटी का निराकरण सीधे राज्य स्तर से ऑनलाइन होगा। पीपीओ (PPO) अब सीधे ईमेल और व्हाट्सएप पर मिलेंगे।
संकल्प से समाधान जिले में चल रहे इस अभियान के तहत कलेक्टर ने शिविर लगाकर शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया।
”अभियान का उद्देश्य केवल कागजी औपचारिकता नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर हर पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। हरेंद्र नारायन, कलेक्टर छिंदवाड़ा
