मंडला – बालिकाओं ने कलेक्टर को बांधा रक्षासूत्र

Revanchal
2 Min Read

कलेक्टर ने किया कूड़ामैली स्कूल और नारायणगंज छात्रावास का निरीक्षण

बालिकाओं से भोजन का लिया फीडबैक, प्रोजेक्ट संकल्प पर विशेष ध्यान देने को कहा

दैनिक रेवांचल टाईम्‍स मंडला,
कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने शुक्रवार को नारायणगंज स्थित रानी दुर्गावती सीनियर कन्या छात्रावास और मॉडल हायर सेकेण्डरी स्कूल कूड़ामैली का निरीक्षण किया। छात्रावास निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किचन, पेयजल, आरओ, रोटी मेकर मशीन और साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं के स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी ली और निर्देश दिए कि सभी 50 छात्राओं की आभा आईडी बनवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि उनके स्वास्थ्य का नियमित रिकॉर्ड रखा जा सके। इस दौरान कलेक्टर ने बालिकाओं से नाश्ता, भोजन और साफ-सफाई को लेकर फीडबैक भी लिया। इस दौरान कलेक्टर, सीईओ जिला पंचायत और सहायक आयुक्त ने छात्रावास में उपस्थित छात्राओं से रक्षासूत्र बंधवाये और उन्हें आशीर्वाद दिया।


मॉडल हायर सेकेण्डरी स्कूल कूड़ामैली के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर धोटे ने कहा कि एक ही परिसर में स्कूल और कॉलेज के संचालन से परेशानी होगी, दोनों के लिए पृथक-पृथक प्रवेश व निर्गम द्वार बनाए जाएं। इस पर एसडीएम निवास सीएल वर्मा ने बताया कि स्कूल की एक अन्य बिल्डिंग शीघ्र रिक्त हो रही है और आगामी दो माह में कॉलेज को उस भवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा। कलेक्टर ने कक्षाओं में विद्यार्थियों से चर्चा की और प्रोजेक्ट संकल्प की जानकारी ली। उन्होंने प्राचार्य को प्रोजेक्ट संकल्प पर और अधिक ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल में स्थित अटल टिंकरिंग लैब का भी निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।


इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस शैलेंद्र चौधरी, सीईओ जिला पंचायत शाश्वत सिंह मीना, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य डॉ. अरुण शुक्ला, एसडीएम निवास सीएल वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े सहित छात्रावास और स्कूल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

👁️ 40 views Views
Share This Article
Translate »