रेवांचल टाइम्स नैनपुर मंडला सिवनी मंडला मार्ग पर स्थित नैनपुर रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की वर्षों पुरानी मांग को लेकर आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को मोर्चा खोल दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने रेलमंत्री एवं रेलवे के महाप्रबंधक के नाम अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) नैनपुर तथा स्टेशन मास्टर नैनपुर को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द से जल्द ओवरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई तो सिवनी फाटक पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर रेल रोको आंदोलन भी शुरू किया जाएगा।
आम आदमी पार्टी का आरोप है कि नैनपुर रेलवे फाटक लंबे समय से क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। फाटक बंद होने के कारण प्रतिदिन सैकड़ो लोगों को घंटों जाम और इंतजार का सामना करना पड़ता है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और शासन-प्रशासन इस समस्या के समाधान के प्रति उदासीन बने हुए हैं।ज्ञापन सौंपने के दौरान आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष पंकज सोनी ने कहा कि नैनपुर क्षेत्र में 100 बिस्तरीय अस्पताल संचालित है, जहां मंडला, सिवनी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं।
कई बार एम्बुलेंस मरीजों को लेकर अस्पताल की ओर जा रही होती है, लेकिन रेलवे फाटक बंद होने के कारण उन्हें मजबूरन रुकना पड़ता है। मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों की लगातार आवाजाही के चलते फाटक लंबे समय तक बंद रहता है, जिससे गंभीर मरीजों के समय पर उपचार में बाधा उत्पन्न होती है।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में कुछ मिनटों की देरी भी मरीज की जान पर भारी पड़ सकती है। यदि भविष्य में किसी मरीज की मृत्यु या गंभीर नुकसान केवल फाटक बंद होने के कारण होता है तो इसकी नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन तथा सरकार की होगी।पंकज सोनी ने यह भी कहा कि केवल मरीज ही नहीं, बल्कि आम नागरिक, विद्यार्थी, कर्मचारी और व्यापारी वर्ग भी इस समस्या से प्रतिदिन जूझ रहा है।
भीषण गर्मी, बरसात और अन्य प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों में लोगों को लंबे समय तक फाटक खुलने का इंतजार करना पड़ता है। इससे न केवल लोगों का समय बर्बाद होता है बल्कि स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर वर्षों से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, जबकि धरातल पर कोई ठोस कार्य नहीं हुआ। उनका आरोप है कि जनप्रतिनिधियों की इच्छाशक्ति कमजोर होने के कारण नैनपुर जैसे महत्वपूर्ण नगर को आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
ज्ञापन कार्यक्रम के दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रेस्ट हाउस से अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय तक पैदल रैली निकाली। रैली के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। इसके बाद सभी कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन पहुंचे और स्टेशन मास्टर को रेलमंत्री एवं महाप्रबंधक के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि नैनपुर रेलवे फाटक केवल स्थानीय समस्या नहीं, बल्कि मंडला और सिवनी को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग की बड़ी बाधा बन चुका है। इस मार्ग पर प्रतिदिन भारी संख्या में यात्री वाहन, मालवाहक वाहन, बसें और एम्बुलेंस गुजरती हैं। ऐसे में ओवरब्रिज का निर्माण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है।आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यदि एक माह के भीतर रेलवे प्रशासन और सरकार द्वारा इस मांग पर सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो पार्टी चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। पहले धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और उसके बाद भी यदि कोई निर्णय नहीं हुआ तो रेल रोको आंदोलन जैसे बड़े जनआंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
ज्ञापन कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा रामादेवी धुर्वे, जिला संगठन मंत्री शिशु सिंधु भलावी, जिला उपाध्यक्ष आनंद प्रकाश तिवारी, जिला संगठन मंत्री (एससी प्रकोष्ठ) नितिन झरिया, जिला मीडिया प्रभारी आशीष वैष्णव, जिला कार्यालय प्रभारी राजेश महोबिया, महेंद्र हट्टेल, मनोज ठाकुर, राजा सोनी, शुभम सोनी, प्रभात झरिया, सी.एल. सरोते, जितेंद्र साहू, अभिषेक ठाकुर, बिज्जू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नैनपुर रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग अब राजनीतिक और जनहित का बड़ा मुद्दा बनती जा रही है। आने वाले दिनों में रेलवे प्रशासन और सरकार इस मांग पर क्या रुख अपनाती है, इस पर क्षेत्रवासियों की निगाहें टिकी हुई हैं। यदि समय रहते समाधान नहीं निकला तो यह मुद्दा व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
