नियम कानून पर भारी नैनपुर के कब्जाधारी , जिम्मेदारों को क्यों नहीं दिख रहा शासकीय भूमि का अतिक्रमण

Revanchal
2 Min Read

ठोस कार्यवाही की जरूरत फसल उत्पादन की राशि भी वसूली जाए

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला, नैनपुर के नगर विकास में अवैध कब्जाधारियों ने ग्रहण लगा दिया है। यहां नगर क्षेत्र एवं आसपास की जनोपयोगी कीमती शासकीय भूमि में किए गए अवैध कब्जा की खबर पिछले दिनों मीडिया के द्वारा प्रकाशित की गई थी, तब यहां के वार्ड नंबर 7 इटका में 72 एकड़ शासकीय भूमि पर कब्ज़ा होना पाया गया था।

जिस पर प्रशासन की टीम द्वारा कब्जधारियों को बेदखल करने की कार्यवाही की गई थी। लेकिन अभी भी चकोर नदी स्टापडेम के पास 100 एकड़ शेष शासकीय भूमि का अतिक्रमण जिम्मेदारों को क्यों दिखाई नहीं दे रहा है‌।

साथ ही वार्ड नंबर 9 में चिल्ड्रन पार्क एवं अन्य भवन बनाए जाने वाले प्रस्तावित स्थाल पर भी दबंगों का कब्जा बताया जा रहा है‌। मिली जानकारी के अनुसार प्रशासन की कार्यवाही के बाद भी कब्जाधारियों ने अपना कब्जा नहीं छोड़ा है, उक्त 72 एकड़ भूमि पर पुनः कृषि कार्य करने की तैयारी की जा रही है।

राजनैतिक संरक्षण के चलते एवं ठोस कार्यवाही के अभाव में कब्जाधारियों के हौसले बुलंद दिखाई दे रहे हैं। वर्षों से शासकीय भूमि में कब्जा कर फसल उत्पादन करने वाले लोगों से फसल उत्पादन की राशि भी वसूली की जानी चाहिए आखिर कब तक इन कब्जाधारियों से नैनपुर को मुक्ति मिलेगी। क्या जिम्मेदार किसी बड़े आंदोलन का इंतजार कर रहे हैं। मंचों से अपने भाषण में विकास की बात करने वाले लोग कब तक मौन रहेंगे!

👁️ 4 views Views
Share This Article
Translate »