मध्य प्रदेश की लाड़ली बहन योजना को लेकर एक बड़ी अपडेट आई है…
मध्य प्रदेश की लाड़ली बहन योजना को लेकर एक बड़ी अपडेट आई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घोषणा की है कि अगले महीने से लाड़ली बहनों को ₹1,500 प्रति माह मिलेंगे। इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने एक नया सुझाव दिया है। उन्होंने कहा है कि सरकार को लाड़ली बहनों को मासिक राशि के अलावा दो-दो गायें भी देनी चाहिए, ताकि महिलाएँ रोज़गार के ज़रिए आत्मनिर्भर बन सकें।
सरकार ने भी उमा भारती के सुझाव पर प्रतिक्रिया दी है। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा, “उमा दीदी का सुझाव अच्छा है। हमारी सरकार में हर सुझाव पर गंभीरता से विचार किया जाता है। मुख्यमंत्री गुण-दोष के आधार पर निर्णय लेंगे।”
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश सरकार अब तक लाड़ली बहन योजना के तहत लगभग ₹45,000 करोड़ वितरित कर चुकी है। यह योजना 1000 रुपये प्रति माह से शुरू हुई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 1250 रुपये कर दिया गया और अब इसे 1500 रुपये तक बढ़ाया जा रहा है। राज्य में लाडली बहनों की संख्या सवा करोड़ से ज़्यादा है।
इस योजना के तहत महिलाओं को 450 रुपये में गैस सिलेंडर का लाभ भी दिया जा रहा है, हालाँकि यह लाभ केवल उज्ज्वला योजना कनेक्शन वाली महिलाओं को ही मिलेगा। देखना होगा कि उमा भारती के “गाय योजना” प्रस्ताव पर सरकार आगे क्या फ़ैसला लेती है।
