रेवांचल टाइम छिंदवाड़ा
क्षेत्र के लोकप्रिय नेता और पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना का जन्मदिवस प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी बेहद हर्ष, उल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया। दीपक की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके जन्मदिन की बधाई देने का सिलसिला 11 तारीख की रात 12 बजते ही शुरू हो गया था, जो अगले पूरे दिन अनवरत चलता रहा।
पड़ोसी राज्यों से भी पहुंचे नेता और कार्यकर्ता
दिन भर उनके निवास स्थान पर पैर रखने की जगह नहीं थी। मध्य प्रदेश के कोने-कोने से आए कार्यकर्ताओं के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं का भी तांता लगा रहा। सभी ने फूलों के हार, बुके और स्मृति चिह्न भेंट कर दीपक के स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की।
दिखा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर प्रेम
इस गरिमामय अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के संगठन के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं सहित विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के लोग भी विशेष रूप से मौजूद रहे। दीपक के व्यक्तित्व की यही खासियत है कि उनका जुड़ाव दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हर वर्ग से है।
वही पुरानी आत्मीयता और सादगी
इतनी भारी भीड़ और व्यस्तता के बाद भी दीपक सक्सेना का वही पुराना चिरपरिचित अंदाज देखने को मिला। उन्होंने हर एक कार्यकर्ता और शुभचिंतक से बेहद आत्मीयता और गर्मजोशी के साथ मुलाकात की, जिसने वहां पहुंचे लोगों का दिल जीत लिया।
जय और अजय ने संभाली कमान
आवास पर आने वाले अतिथियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के स्वागत-सत्कार की कमान जय सक्सेना और अजय सक्सेना ने पूरी कर्मठता से संभाल रखी थी। दोनों भाइयों ने कार्यक्रम में आए हर एक व्यक्ति का गर्मजोशी से स्वागत किया और सुनिश्चित किया कि किसी भी अतिथि को कोई असुविधा न हो।
पूरा दिन उत्सव के माहौल में बीता, जो दीपक सक्सेना के प्रति जनता और कार्यकर्ताओं के अटूट विश्वास और प्रेम को बयां कर रहा था।
