खमारपानी में मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

Revanchal
3 Min Read

आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं को दिया प्रशिक्षण

रेवांचल टाइम्स छिन्दवाड़ा

ग्रामीण आदिवासी समाज विकास संस्थान द्वारा संचालित सामुदायिक मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को जिले के विकासखंड बिछुआ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खमारपानी में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में क्षेत्र की 45 से अधिक आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम एवं आशा पर्यवेक्षकों ने भाग लेकर मानसिक स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था समन्वयक आशीष पाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मानसिक स्वास्थ्य को आज भी अक्सर नजरअंदाज किया जाता है अथवा अंधविश्वास से जोड़कर देखा जाता है, जबकि मानसिक रोग किसी प्रकार का अभिशाप नहीं, बल्कि एक सामान्य चिकित्सीय स्थिति है। उन्होंने कहा कि मानसिक रोगों के शुरुआती लक्षणों की समय रहते पहचान कर मरीज को उचित उपचार उपलब्ध कराया जाए तो गंभीर परिस्थितियों से बचाया जा सकता है। उन्होंने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करते हुए लोगों को वैज्ञानिक एवं चिकित्सकीय उपचार के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी अन्य शारीरिक बीमारियों की तरह सामान्य हैं, जिनका समय पर उपचार, संवाद और सहयोग के माध्यम से प्रभावी समाधान संभव है। उचित चिकित्सकीय परामर्श एवं नियमित उपचार से मानसिक रोगों से पीड़ित व्यक्ति पूर्णतः स्वस्थ होकर सामान्य जीवन व्यतीत कर सकता है।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मानसिक रोगों के विभिन्न प्रकार, उनके प्रारंभिक लक्षणों की पहचान, उपचार के दौरान दवाओं के संभावित दुष्प्रभावों तथा स्वयं की मानसिक सेहत बनाए रखने के लिए आवश्यक सेल्फ-केयर गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विशेष प्रकाश डालते हुए बताया गया कि वे ग्रामीण स्तर पर तनाव, अवसाद एवं चिंता जैसी मानसिक समस्याओं से जूझ रहे व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें समय पर उचित स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

कार्यक्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से श्रीमती आय बुनकर तथा संस्था की ओर से वीरेंद्र घागरे, सुश्री मानसी चौरसिया, निखिल डोंगरे, शिवचरण पाठे, श्री रामदयाल यादव एवं निखिल परतेती सहित क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता, एएनएम एवं आशा पर्यवेक्षक उपस्थित थे।

👁️ 6 views Views
Share This Article
Translate »