राष्ट्रीय पुरोहित प्रशिक्षण का भव्य समापन

Revanchal
4 Min Read

54 प्रतिभागियों ने प्राप्त किया राष्ट्रीय पुरोहित का प्रमाणपत्र

दैनिक रेवांचल टाइम्स, मंडला/प्रांतीय कुर्मी समाज के आह्वान एवं कुर्मी समाज विकास संगठन जिला मंडला के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय आवासीय राष्ट्रीय पुरोहित प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन बिंझिया स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल मंगल भवन में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सैकड़ों समाजबंधुओं की उपस्थिति रही।
इस प्रशिक्षण शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि देश में पहली बार आदिवासी, हरिजन एवं पिछड़े वर्ग के 54 भाई-बहनों ने राष्ट्रीय पुरोहित बनने का गौरव प्राप्त किया। चार दिवसीय प्रशिक्षण दमोह निवासी डॉ. रज्जन पटेल द्वारा प्रदान किया गया।


समापन समारोह की अध्यक्षता कुर्मी समाज के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में सरदार वल्लभभाई पटेल विश्वविद्यालय बालाघाट के कुलाधिपति दिवाकर सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जितेंद्र सिंगरौल (चेतना मंच, छत्तीसगढ़), एल.पी. पटेल (पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष), शिवशंकर शिवणकर, वीरेश्वर सिंह, चंद्रभान कुर्मी, राधेश्याम पटेल, नारायण दास कुर्मी, हरि बड़के पटेल एवं पूजा हरि पटेल सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।


समापन अवसर पर सभी 54 प्रतिभागियों को राष्ट्रीय पुरोहित प्रशिक्षण प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। साथ ही उन्हें संकल्प दिलाया गया कि वे समाज में वैदिक कर्मकांडों एवं धार्मिक विधि-विधानों की सही जानकारी जन-जन तक पहुंचाएंगे।


अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में रामखेलावन पटेल ने कहा कि निकट भविष्य में मध्यप्रदेश के प्रत्येक विकासखंड एवं जिले में विभिन्न वर्गों के पुरोहित तैयार किए जाएंगे, जिससे सामाजिक परिवर्तन की नई दिशा मिलेगी।
मुख्य अतिथि दिवाकर सिंह ने विद्यार्थियों के मार्गदर्शन पर जोर देते हुए कहा कि यदि 10वीं और 12वीं के बाद बच्चों को सही दिशा मिले तो वे उच्च शिक्षा में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं।


वहीं एल.पी. पटेल ने कहा कि केवल प्रशिक्षण प्राप्त कर लेने से कोई पूर्ण पुरोहित नहीं बनता, बल्कि निरंतर अभ्यास और अध्ययन आवश्यक है।
जितेंद्र सिंगरौल ने बताया कि राष्ट्रीय पुरोहित प्रशिक्षण अभियान को जल्द ही देश के कोने-कोने तक पहुंचाया जाएगा। मुख्य प्रशिक्षक डॉ. रज्जन पटेल ने कहा कि कर्मकांड की विधाएं सभी वर्गों के लोगों को सीखनी चाहिए; इस पर किसी एक वर्ग का एकाधिकार नहीं होना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं, वरिष्ठजनों, सेवानिवृत्त साथियों एवं रामायण मंडलियों का सम्मान किया गया। उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ₹4000 के चेक वितरित किए गए। साथ ही प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों का भी अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष रामखेलावन पटेल ने श्रीमती संजूलता सिंगौर को महिला प्रकोष्ठ जिला मंडला का अध्यक्ष घोषित किया। साथ ही 10 स्वजातीय साथियों को प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल कर जिले के नेतृत्व को और मजबूत किया गया।


कार्यक्रम के दूसरे दिन मध्यप्रदेश अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रदेशाध्यक्ष पवन पाटीदार का भी आगमन हुआ, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने कुर्मी समाज विकास संगठन मंडला द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने सरदार वल्लभभाई पटेल मंगल भवन में अतिरिक्त कक्ष निर्माण हेतु ₹15 लाख देने की घोषणा की और भूमि पूजन भी किया।


अंत में कुर्मी समाज विकास संगठन जिला मंडला के अध्यक्ष सी.बी. पटेल ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, मातृशक्ति, युवाओं एवं मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन समाजहित में निरंतर कार्य करता रहेगा और गांव-गांव तक संगठन को मजबूत बनाने का प्रयास जारी रहेगा।

👁️ 2 views Views
Share This Article
Translate »