स्व. नरेश सोनी की स्मृति में जुटे जिले भर के 110 खिलाड़ी, प्रतिभा का दिखा शानदार प्रदर्शन
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जिला बैडमिंटन संघ के मार्गदर्शन एवं वर्कर्स क्लब चांदामेटा के सहयोग से आयोजित जिला स्तरीय जूनियर एवं सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप का रविवार (2 अगस्त) को वर्कर्स क्लब के बैडमिंटन हॉल में रंगारंग शुभारंभ हुआ।
यह प्रतियोगिता बैडमिंटन के पूर्व चैंपियन स्व. नरेश सोनी की स्मृति में आयोजित की जा रही है।
प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन नगर पालिका चांदामेटा के अध्यक्ष गोविन्द बिजौलिया, उपाध्यक्ष अमजद खान, सभापति राकेश शर्मा, पूर्व अध्यक्ष हरिश्चंद्र अग्रवाल, थाना प्रभारी खेमचंद पटेल तथा वरिष्ठ खिलाड़ी प्रदीप लोंदे, गफूर खान और राधे सूर्यवंशी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।
राज्य व राष्ट्रीय खिलाड़ियों और निशक्तजन खिलाड़ी का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के बैडमिंटन खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। वहीं, विशेष रूप से निशक्तजन खिलाड़ी तरुण सोनी का सम्मान कर उनके हौसले की सभी ने सराहना की।
110 से अधिक खिलाड़ी दिखा रहे हैं हुनर
आयोजन सचिव जावेद खान ने बताया कि
इस प्रतियोगिता में संपूर्ण जिले से लगभग 110 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा सभी खिलाड़ियों के लिए रहने, खाने और खेलने की हर संभव उत्कृष्ट व्यवस्था की गई है।
आयोजन समिति के सदस्य मंगेश मूंदेकर, जॉय पत्रा, अंशुल जैन, प्रमोद वर्मा, दीपेश अग्रवाल, मनीष पटेल, सुभाष अग्रवाल और ईश्वर बैंस ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और प्रतियोगिता की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।
आज खेले जाएंगे दूसरे दौर और डबल्स के मुकाबले
आयोजन समिति ने बताया कि सोमवार 3 अगस्त को प्रातः 11:00 बजे से प्रतियोगिता का अगला चरण शुरू होगा। इसमें खिलाड़ियों के बीच दूसरे चक्र और डबल्स के रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।
प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए अमित सोनी, रत्नेश दुबे, योगेश चन्द्रवंशी, अंकुर खतारे, महिमा यादव और तनिष्का विश्वकर्मा निर्णायक (अंपायर) की भूमिका निभा रहे हैं।
