रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जिले में रबी विपणन सत्र के दौरान गेहूं खरीदी की प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय है। इसी कड़ी में शुक्रवार को उपसंचालक कृषि जितेन्द्र कुमार सिंह ने परासिया विकासखंड के गाजनडोह स्थित वसुंधरा वेयर हाउस में संचालित गेहूं खरीदी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तकनीकी टीम के साथ जांच
निरीक्षण के दौरान सिंह के साथ कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. आर.एल. राउत एवं उनकी तकनीकी टीम भी उपस्थित रही। अधिकारियों ने केंद्र पर पहुंचकर उपार्जन प्रक्रिया, बारदानों की उपलब्धता और तौल कार्य की बारीकी से जांच की। टीम ने गेहूं की गुणवत्ता के मानकों का भी अवलोकन किया।
किसानों से जाना हाल, पेयजल व्यवस्था पर जोर
उपसंचालक ने केंद्र पर उपज लेकर आए किसानों से सीधे संवाद किया। उन्होंने किसानों से पंजीयन और एसएमएस प्राप्ति में होने वाली समस्याओं के बारे में पूछताछ की। चिलचिलाती धूप और बढ़ती गर्मी को देखते हुए सिंह ने केंद्र प्रबंधकों को सख्त निर्देश दिए कि
किसानों के लिए ठंडे पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था हो।
धूप से बचने के लिए छायादार बैठने की जगह सुनिश्चित की जाए।
उपसंचालक कृषि जितेन्द्र कुमार सिंह कहां है कि शासन की प्राथमिकता है कि हर पात्र किसान का दाना-दाना सही तरीके से खरीदा जाए। केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रबंधकों को दिए गए प्रमुख निर्देश
गुणवत्ता, गेहूं की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।
भंडारण, खरीदे गए अनाज का समय पर उठाव हो ताकि सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित हो सके।
सटीकता, तौल और सिलाई के कार्य में पूरी पारदर्शिता बरती जाए।
निरीक्षण दल में ये रहे मौजूद
इस दौरान एसडीओ (कृषि) परासिया प्रमोद सिंह उट्टी, एसएडीओ एस.पी. डेहरिया, बीटीएम अमित बघेल एवं जी.एस. वाडिवा सहित विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
