घुघरी में नेता प्रतिपक्ष को सौंपा ज्ञापन : ‘आपकी मांग जायज, कांग्रेस पूरी ताकत से लड़ेगी’
दैनिक रेवांचल टाइम्स – घुघरी | रानी दुर्गावती बलिदान दिवस घुघरी का मंच बुधवार 24 जून को अतिथि शिक्षकों की हुंकार का गवाह बना। घुघरी ब्लॉक के अतिथि शिक्षक प्रतिनिधि मंडल ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को घेरकर लंबित मांगों का ज्ञापन भी दिया। सिंघार ने मंच से ही ऐलान कर दिया- “आपकी मांगें जायज हैं, सदन में पूरी दल-बल के साथ सरकार को हमेशा ललकारते आए हैं और इस सत्र में भी ललकारेंगे।”
‘पास बुलाकर सुनी फरियाद, दिया भरोसा’
प्रतिनिधि मंडल को अपने पास बुलाकर सिंघार ने उनकी बात सुनी। अतिथि शिक्षकों ने 2008 से जारी शोषण , नौकरी की असुरक्षा का दर्द बयां किया। सिंघार ने आश्वस्त किया, कि कांग्रेस पार्टी हमेशा अतिथि शिक्षकों के साथ खड़ी है। “पहले भी सदन में आपकी आवाज उठाई है, आगे भी पूरी ताकत से लड़ेंगे,” उन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच यह बात कही।
‘धन्यवाद सिंघार जी, अब सदन में गूंजेगी आवाज’
ज्ञापन सौंपने के बाद प्रतिनिधि मंडल ने नेता प्रतिपक्ष का आभार जताया। अतिथि शिक्षकों ने कहा ,कि पहली बार किसी बड़े नेता ने अपने पास बुलाकर सम्मान के साथ उनकी समस्या सुनी है। “उम्मीद है अब विधानसभा में हमारी पीड़ा गूंजेगी और 18 साल का वनवास खत्म होगा।
क्यों गरम है मामला?
अतिथि शिक्षक 2008 से कम मानदेय पर अनिश्चित रोजगार का काम करते आ रहे हैं। न नौकरी पक्की, न सम्मानजनक वेतन। अतिथि शिक्षक भर्ती में भी भाई-भतीजावाद का डर बना रहता है। सरकार के वादे हर बार कागजों में दम तोड़ देते हैं। अब नेता प्रतिपक्ष के भरोसे के बाद अतिथि शिक्षकों में उम्मीद जगी है कि मानसून सत्र में सदन गरमाएगा और सरकार मुंह खोलेगी।
बोले उमंग सिंघार
“अतिथि शिक्षकों की मांगें 100% जायज हैं। भाजपा सरकार ने 18 साल से सिर्फ छला है। कांग्रेस सदन से सड़क तक इनके साथ है। सरकार को ललकारेंगे, हक दिलाकर रहेंगे।”
