कातलबोड़ी में अवैध शराब बिक्री से ग्रामीण परेशान, महिलाओं ने कलेक्टर से लगाई गुहार

Revanchal
3 Min Read

आदिशंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती की मातृभूमि में खुलेआम बिक रही शराब, विरोध करने पर मिल रही धमकियां

दैनिक रेवांचल टाइम्स सिवनी- लखनवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कातलबोड़ी में अवैध शराब बिक्री से परेशान ग्रामीणों और महिलाओं ने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगभग दो हजार की आबादी वाले गांव में चार से पांच स्थानों पर अवैध रूप से शराब बेची जा रही है, जिससे सामाजिक वातावरण खराब हो रहा है।

ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि शराब ठेकेदारों को लाइसेंस केवल अधिकृत दुकान से बिक्री के लिए दिया गया है, लेकिन गांव-गांव अपने लोगों के माध्यम से शराब पहुंचाई जा रही है। इससे युवाओं और परिवारों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी उल्लेख किया है कि कातलबोड़ी आदिशंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी की मातृभूमि है। गांव में शासकीय हाई स्कूल एवं स्वास्थ्य केंद्र भी संचालित है, जहां विद्यार्थियों और आम लोगों का लगातार आवागमन रहता है। ऐसे में खुलेआम शराब बिक्री से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।

महिलाओं का कहना है कि जब वे शराब बेचने वालों को रोकने का प्रयास करती हैं तो उन्हें धमकियां दी जाती हैं। इस कारण गांव की महिलाओं में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

ग्रामीणों की मांग

ग्रामीणों ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्रीय विधायक से गांव में अवैध शराब बिक्री पूरी तरह बंद कराने तथा महिलाओं को धमकाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि धार्मिक एवं शैक्षणिक महत्व वाले गांव का माहौल खराब होने से बचाने के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए।

इनका कहना है

शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस द्वारा उसी रात कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि संबंधित लोगों के खिलाफ पूर्व में भी कार्रवाई की जा चुकी है तथा पुलिस की सतत निगरानी जारी है। अवैध शराब बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सी.के. सिरामे
थाना प्रभारी लखनवाड़ा

👁️ 4 views Views
Share This Article
Translate »