ट्रांसफार्मर के नीचे दुकान और शराबखोरी, आखिर किस हादसे का इंतजार?

Revanchal
2 Min Read

गोपालगंज में सड़क किनारे खतरे के बीच गुजर रहे लोग

जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी पर सवाल

दैनिक रेवांचल टाइम्स सिवनी– ग्राम गोपालगंज में बाईपास से गांव की ओर आने वाले मार्ग पर विद्युत ट्रांसफार्मर के नीचे एक अस्थायी दुकान संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकान लगाने के लिए ट्रांसफार्मर की सुरक्षा घेराबंदी तक क्षतिग्रस्त कर दी गई है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों का कहना है कि उक्त स्थान पर बैठकर शराब सेवन भी किया जाता है, जबकि ठीक पीछे अंग्रेजी शराब दुकान संचालित है। शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि शराब दुकानों के आसपास सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना प्रतिबंधित है, लेकिन यहां नियमों की खुलेआम अनदेखी होती दिखाई दे रही है।

हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग से संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी प्रतिदिन आवागमन करते हैं। वहीं कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी और हाई स्कूल भी स्थित है, इसके बावजूद आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

बरसात के मौसम में ट्रांसफार्मर के नीचे लोगों का बैठना और दुकान का संचालन किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता देने जैसा है। ग्रामीणों ने कलेक्टर, विद्युत विभाग, पुलिस और आबकारी विभाग से तत्काल जांच कर दुकान हटाने तथा सुरक्षा व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।

ग्रामीणों का सवाल है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना के बाद जागेगा या समय रहते कार्रवाई कर जनहानि को रोकेगा?

👁️ 5 views Views
Share This Article
Translate »