समतलीकरण के नाम पर मिट्टी डालकर छोड़ा खेल मैदान, बारिश में बच्चों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा

Revanchal
2 Min Read

दैनिक रेवांचल टाइम्स – मंडला, जिले के नारायणगंज विकासखंड नारायणगंज स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सामने खेल मैदान का समतलीकरण कार्य पंचायत ने तो करा दिया गया, लेकिन निर्माण एजेंसी द्वारा मैदान में केवल पीली मिट्टी डालकर कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में यह मैदान कीचड़ से भर सकता है, जिससे बच्चों को खेलकूद और विद्यालय आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।


जानकारी के अनुसार विद्यालय के सामने स्थित खेल मैदान का समतलीकरण इस उद्देश्य से कराया गया था कि छात्राओं को बेहतर एवं सुरक्षित खेल सुविधा उपलब्ध हो सके। साथ ही बड़ी संख्या में विद्यार्थी इसी मैदान से होकर विद्यालय पहुंचते हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि मैदान में केवल पीली मिट्टी डालकर समतलीकरण कर दिया गया है, जबकि कार्य के दौरान निर्माण एजेंसी ने आश्वासन दिया था कि मिट्टी डालने के बाद मैदान में मुरूम एवं डस्ट बिछाकर रोलर से दबाया जाएगा, जिससे मैदान मजबूत और उपयोगी बन सके।


क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि समतलीकरण कार्य को कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक मैदान में न तो मुरूम डाली गई है और न ही डस्ट बिछाकर रोलर चलाया गया है। ऐसे में बारिश शुरू होते ही मैदान में कीचड़ होने की पूरी संभावना है, जिससे बच्चों के फिसलकर घायल होने का खतरा बढ़ जाएगा।


स्थानीय नागरिकों एवं अभिभावकों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल मैदान में मुरूम एवं डस्ट डलवाकर रोलर से समतलीकरण का कार्य पूर्ण कराया जाए, ताकि खेल मैदान अपने उद्देश्य के अनुरूप उपयोगी और सुरक्षित बन सके। अन्यथा यह अधूरा कार्य विभागीय लापरवाही का उदाहरण बनकर बच्चों की सुरक्षा पर लगातार सवाल खड़े करता रहेगा।

👁️ 2 views Views
Share This Article
Translate »