दैनिक रेवांचल टाइम्स – मण्डला। जिले के विकासखंड नारायणगंज अंतर्गत संचालित शासकीय एकीकृत हाईस्कूल परिसर में मुख्य द्वार के समीप कथित रूप से गांजा का पौधा लगे होने की सूचना सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
वही सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय के मुख्य गेट के पास एक पौधा लगा हुआ है, जिसे कुछ लोगों द्वारा गांजा का पौधा बताया जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक किसी सक्षम विभाग द्वारा नहीं की गई है। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि यदि यह वास्तव में गांजा का पौधा है तो यह गंभीर विषय है, क्योंकि विद्यालय परिसर बच्चों की शिक्षा और संस्कार का केंद्र होता है।
वही कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि वे स्वयं ऐसे पौधों की पहचान करने में सक्षम नहीं हैं, इसलिए वन विभाग अथवा संबंधित विशेषज्ञों द्वारा इसकी जांच कराई जानी चाहिए। लोगों का कहना है कि बिना वैज्ञानिक परीक्षण और विभागीय पुष्टि के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
सूत्रों के अनुसार मामले की जानकारी संबंधित विभागों तक पहुंचाई गई है। वहीं कुछ लोगों ने विद्यालय परिसर और अन्य शासकीय संस्थानों के आसपास संदिग्ध पौधों की समय-समय पर जांच किए जाने की आवश्यकता भी जताई है।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं वन विभाग संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर पौधे की वास्तविक पहचान सुनिश्चित करें। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
फिलहाल पूरे मामले की सत्यता विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी, लेकिन विद्यालय जैसे संवेदनशील परिसर में ऐसी सूचना सामने आने से अभिभावकों और नागरिकों में चिंता का माहौल है। प्रशासन से शीघ्र जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने की अपेक्षा की जा रही है।
