दैनिक रेवांचल टाइम्स पन्ना। पन्ना पुलिस ने पवई क्षेत्र में कपड़ा व्यापारी के 19 वर्षीय पुत्र अंशुल उर्फ कान्हा डेंगरे के अपहरण और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो देशी कट्टे, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार 27 जून को कपड़ा व्यापारी राजेश कुमार डेंगरे ने बेटे के अपहरण और फिरौती की सूचना दी थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया था, लेकिन आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अंशुल सोशल मीडिया पर महंगे मोबाइल और अपनी संपन्न जीवनशैली का प्रदर्शन करता था। इसी वजह से उसे आर्थिक रूप से संपन्न मानकर अपहरण की साजिश रची गई और उसके परिजनों से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।
घटना के दौरान परिजनों ने डर के कारण आरोपी के बैंक खाते में 1.48 लाख रुपये भेज दिए थे। हालांकि पन्ना पुलिस और साइबर सेल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से राशि पर होल्ड लगवा दिया, जिससे आरोपी पैसे नहीं निकाल सके। न्यायालय के आदेश के बाद यह राशि फरियादी को वापस दिलाई जाएगी।
गिरफ्तार आरोपियों में राजकमल रजक (19), राजकुमार पाल (25) और शिवेंद्र सिंह (18), सभी निवासी ग्राम सिमरा कला, थाना पवई शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में उप जेल पवई भेज दिया गया।
