जांच में खुलासा:प्राचार्य मजदूर ढूंढने गए थे, इसलिए जल्दा बौना स्कूल में दोपहर तक लटकता रहा ताला

Revanchal
14
4 Min Read

प्राचार्य को शोकज नोटिस जारी

दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – वनग्राम जल्दा बौना स्थित हाई स्कूल में लापरवाही का मामला अब जांच में भी सामने आ गया है। पूर्व प्रकाशित खबर “वनग्राम जल्दा बौना स्कूल में आए दिन लटकता रहता ताला” के बाद मंगलवार 7 अप्रैल को विकासखंड शिक्षा अधिकारी अमोल सिंह मरावी एवं बीआरसी ब्रजभान सिंह गौतम जांच के लिए स्कूल पहुंचे


जांच के दौरान जो स्थिति सामने आई, उसने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। निर्धारित समय सुबह साढ़े 10 बजे स्कूल खुलना चाहिए था, लेकिन जांच में पाया गया कि दोपहर 12 बजे तक भी स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। परिसर में न तो छात्र मौजूद थे और न ही नियमित शैक्षणिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं, जिससे छुट्टी जैसा माहौल दिखाई दिया।


जांच टीम द्वारा स्टाफ की उपस्थिति की पड़ताल करने पर पता चला कि विद्यालय में पदस्थ 10 कर्मचारियों में से केवल 3 नियमित कर्मचारी ही अन्यत्र ड्यूटी पर थे, जबकि शेष कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इनमें प्राचार्य सहित अतिथि शिक्षक और अन्य कर्मचारी भी शामिल हैं।


पूछताछ के दौरान प्राचार्य पहले तो स्पष्ट जवाब नहीं दे सके, लेकिन बाद में उन्होंने बताया कि वे विद्यालयीन कार्य के लिए मजदूर ढूंढने गांव गए थे। हालांकि, सवाल यह उठ रहा है कि प्राचार्य की अनुपस्थिति में अन्य कर्मचारी भी क्यों नदारद थे और स्कूल समय पर क्यों नहीं खोला गया।


जांच में यह भी सामने आया कि दो नियमित कर्मचारियों की ड्यूटी परीक्षा कॉपियों की जांच में लगी थी और एक कर्मचारी स्कूल के कार्य से रिजल्ट लेने वि ख शिक्षा कार्यालय गए हुए थे, लेकिन इसके बावजूद स्कूल पूरी तरह बंद रहना लापरवाही को दर्शाता है।


इस पूरे मामले को गंभीर मानते हुए सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग द्वारा प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में तीन दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही,जांच टीम द्वारा अनुपस्थित कर्मचारियों के वेतन में कटौती की कार्रवाई करने की बात भी कही गई है।


विकासखंड शिक्षा अधिकारी के अनुसार जांच में लापरवाही स्पष्ट रूप से सामने आई है। सभी कर्मचारियों के बयान लिए गए हैं और रिपोर्ट तैयार कर उच्च कार्यालय को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।


गौरतलब है कि शनिवार को भी इसी तरह दोपहर 12 बजे तक स्कूल में ताला लगा रहने की बात सामने आई थी, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह समस्या एक दिन की नहीं, बल्कि लगातार हो रही लापरवाही का परिणाम है।
इस स्थिति से सबसे अधिक नुकसान विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है, जिनका भविष्य स्कूल प्रबंधन की अनदेखी के कारण दांव पर लगा हुआ

इनका कहना है जांच में लापरवाही सामने आई है कर्मचारियों का अभिमत लिया गया है रिपोर्ट तैयार कर भेजी जाएगी। ए एस मरावी वि ख शिक्षा अधिकारी बजाग

Share This Article
Translate »