दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला, जिले के मोंटफोर्ट विद्यालय में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी नवनियुक्त छात्र-छात्राओं के नेतृत्व को सम्मानित करने हेतु अलंकरण समारोह बड़े ही भव्य और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंडला की सहायक आयुक्त वंदना गुप्ता एवं खंड शिक्षा अधिकारी रंजीत गुप्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” से हुई। इसके पश्चात मुख्य अतिथि, संस्था प्राचार्य एवं समन्वयकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया गया। संस्था प्रमुख ब्रदर बिनु चेरियन ने मुख्य अतिथि का स्वागत मोमेंटो भेंट कर किया, वहीं कोऑर्डिनेटर जिलीन कुशराम एवं मीना ज्योतिषी द्वारा शाल ओढ़ाकर अतिथियों का सम्मान किया गया।
प्रार्थना गीत के बाद मुख्य अतिथि द्वारा चयनित छात्र प्रतिनिधियों को बैज पहनाए गए तथा उन्हें उनके-उनके हाउस के ध्वज प्रदान किए गए। इस वर्ष सीनियर सेक्शन से अथर्व सोनी को शाला नायक एवं दिशा तलरेजा को शाला नायिका चुना गया, जबकि विराट अग्रवाल उप शाला नायक और पूर्वी जसवानी उप शाला नायिका बनीं।
मिडिल सेक्शन से अनम्य गुप्ता एवं शिक्षा मरकाम को शाला नायक-नायिका तथा प्राइमरी विंग से अर्थम कच्छवाहा एवं चेष्ठा वैरागी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा अन्य प्रतिनिधियों और हाउस लीडर्स का भी चयन किया गया।
मुख्य अतिथि ने सभी नवनियुक्त प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने सभी छात्र लीडर्स को बधाई देते हुए अनुशासन, सत्यनिष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके निरंतर परिश्रम से ही विद्यालय का नाम जिले में गौरवान्वित हो रहा है।
खंड शिक्षा अधिकारी रंजीत गुप्ता ने भी विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अध्ययन करने, मोबाइल और फास्ट फूड से दूरी बनाए रखने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रेरणादायक नृत्य प्रस्तुति भी दी गई, जिसने उपस्थित जनों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के अंत में शाला नायक ने अपने विचार व्यक्त किए, जबकि शाला नायिका ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस सफल आयोजन में संस्था प्रमुख ब्रदर बिनु चेरियन, उप प्राचार्य ब्रदर मैथ्यूज, समस्त समन्वयक, स्कूल स्टाफ एवं प्रबंधन का सराहनीय योगदान रहा।
