दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के 100 दिवसीय अभियान के समापन अवसर पर मंगलवार को मंडला जिले की निवास तहसील में कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान प्रदेशभर में बोरी बंधान, जल संरचनाओं का संरक्षण, जल चौपाल, जन-जागरूकता, नदी पूजन एवं श्रमदान जैसे विविध कार्यक्रमों के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया।
समापन कार्यक्रम में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त वरिष्ठ शिक्षक श्री नवीन व्यौहार ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रेरक उद्बोधन देते हुए कहा कि जल का संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बम्हनी की सरपंच श्रीमती शिवकुमारी टेकाम तथा जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक श्री सूरज बर्मन ने भी जल गंगा संवर्धन अभियान की उपलब्धियों एवं जल संरक्षण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन श्री मनोज तिवारी ने किया। उन्होंने मंच संचालन के साथ-साथ जल के महत्व एवं उसके संरक्षण के संबंध में भी अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर अभिलाषा दुबे, जयप्रकाश झरिया, उत्तम परस्ते, देवेंद्र वरकड़े (परामर्शदाता), ऋषभ गुप्ता (अध्यक्ष, नगर विकास प्रस्फुटन समिति, निवास),शांतनु तिवारी ,हीरा महोबिया, संजय चौधरी, शोभित राय,आशुतोष दुबे, अविषेक बर्मन, अरुणी सिंगरौरै (नवांकुर संस्था प्रतिनिधि) सी एम इंटर्नस मालती मरावी,सहित मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के कार्यकर्ता एवं CMCLDP के छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों को जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के संवर्धन की शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे जल की प्रत्येक बूंद का संरक्षण करेंगे तथा समाज में जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाकर इसहै अभियान को जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
