रेवांचल टाइम्स पवई पन्ना
पवई। मध्य प्रदेश विद्युत मंडल, पवई में पदस्थ कनिष्ठ अभियंता (ओ.आई.सी.) सतीश कुमार सैनी के पवई से जतारा स्थानांतरण के उपलक्ष्य में उनके सम्मान में भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों तथा नगर के गणमान्य नागरिकों ने श्री सैनी को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता पवई प्रभात साहू, कनिष्ठ अभियंता शाहनगर अजय प्रजापति, कनिष्ठ अभियंता रैपुरा शाहिद कमाल, कनिष्ठ अभियंता अजयगढ़ अमरदीप परिहार, कनिष्ठ अभियंता सलेहा उमेश पाण्डेय, रामजी कुशवाहा, सत्यम सोनी, रामाधार पाठक, विजय अहिरवार सहित विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी, पत्रकार बंधु तथा बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान सतीश कुमार सैनी ने विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने, उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा अपने सहज, सरल और सौम्य व्यवहार से क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई। उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, कर्मठता और संवेदनशीलता के साथ किया। उनकी अनुशासित कार्यशैली, मिलनसार व्यक्तित्व और जनसामान्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को हमेशा याद किया जाएगा।
समारोह में उमड़ी भीड़ और लोगों की भावुकता श्री सैनी के प्रति सम्मान और स्नेह का प्रमाण रही। उपस्थित सभी लोगों ने उनके नए पदस्थापन स्थल पर भी उत्कृष्ट कार्य करते हुए निरंतर सफलता प्राप्त करने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में सतीश कुमार सैनी का शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। भावुक माहौल के बीच सभी ने उन्हें आत्मीयता एवं सम्मान के साथ विदाई दी।
