ग्राम पंचायत बरगांव में बृहद पशु टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, 35 गांवों में पहुंचेगी 50 टीमें

Revanchal
3 Min Read

डिंडोरी जिले के विकासखंड शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत बरगांव में पशुपालन एवं डेयरी विभाग डिंडोरी द्वारा मंगलवार को बृहद पशु टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत 35 गांवों में 50 टीमों द्वारा घर-घर पहुंचकर पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। इस टीकाकरण अभियान का उद्देश्य गलघोंटू जैसे संक्रामक रोगों की रोकथाम कर पशुधन को सुरक्षित रखना है, जिससे पशुपालकों को होने वाली आर्थिक हानि से बचाया जा सके।

कार्यक्रम का शुभारंभ मध्यप्रदेश शासन के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री श्री लखन पटेल, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके, सांसद श्री फग्गनसिंह कुलस्ते, विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे, जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने 4 बसों एवं 18 चार पहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों में पशु चिकित्सक, पैराबेट, सहायक एवं अन्य तकनीकी कर्मचारी शामिल हैं, जो ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर पशुओं का टीकाकरण करेंगे।

कार्यक्रम में श्री राजकुमार मटाले (अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख), कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, डॉ. राखी वैश्य (डीन, वेटनरी कॉलेज जबलपुर), डॉ. मंजीत शर्मा (कुलगुरु, नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय), श्री मनोहर लाल साहू, श्री सुनील कांत, एच.पी. शुक्ला, डॉ. आदित्य मिश्रा, डॉ. सुनील मिश्रा, डॉ. कृष्ण कुमार एवं श्री सतीश चौबे राष्ट्रीय संयोजक अखिल भारतीय सहित अन्य अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।

पशुपालन मंत्री श्री लखन पटेल ने टीकाकरण शिविर का अवलोकन कर अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन पशुपालकों के हित में लगातार कार्य कर रहा है तथा पशुओं को रोगमुक्त रखने के लिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है।

अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा गांव-गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया, ताकि अधिक से अधिक पशुपालक अपने पशुओं का टीकाकरण करा सकें।

इस अभियान में नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय जबलपुर, पशुपालन विभाग जबलपुर एवं पशुपालन विभाग डिंडोरी के चिकित्सकों एवं तकनीकी टीम का विशेष सहयोग रहा।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »