रेवांचल टाइम्स पन्ना
पन्ना। पन्ना-अमानगंज मुख्य मार्ग पर रविवार दोपहर एक हैरान कर देने वाला हादसा सामने आया, जब अकोला के पास यादव ढाबा पर खड़ा एक ट्राला अचानक बिना चालक के ही ढलान पर चल पड़ा। तेज रफ्तार से आगे बढ़ते हुए ट्राला सामने से आ रहे दूसरे ट्राले से जा भिड़ा, जिससे दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्राला चालक वाहन खड़ा कर भोजन करने के लिए ढाबे पर गया था। इसी दौरान ट्राला अनियंत्रित होकर ढलान पर लुढ़कने लगा और कुछ ही क्षणों में उसने गति पकड़ ली। सामने से आ रहे ट्राले से हुई जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रालों के परखच्चे उड़ गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद पन्ना-अमानगंज मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर ट्रकों, बसों और अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच जाम में फंसे यात्रियों, बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रालों को हटाने और यातायात बहाल करने का कार्य शुरू किया गया। समाचार लिखे जाने तक मार्ग को सुचारु करने के प्रयास जारी थे।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे फिलहाल इस मार्ग पर यात्रा करने से पहले यातायात की स्थिति की जानकारी अवश्य लें तथा आवश्यक होने पर वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।
