बिंझिया तिराहा बना जाम का अड्डा, जिम्मेदार विभागों की चुप्पी पर उठे सवाल

Revanchal
3 Min Read

मंडला-जबलपुर रोड पर रोजाना शाम को लग रहा लंबा जाम, राहगीर और स्थानीय लोग परेशान

दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला। जिले के प्रमुख यातायात मार्गों में शामिल बिंझिया तिराहा इन दिनों रोजाना शाम को लगने वाले लंबे जाम के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों और राहगीरों का आरोप है कि सड़क किनारे व्यापारिक सामान रखने और बीच सड़क पर वाहनों की पार्किंग के कारण यहां हर दिन यातायात बाधित हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस समस्या पर आंखें मूंदे बैठे हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि तिराहे के आसपास स्थित दो व्यापारिक प्रतिष्ठानों के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा घिरा रहता है। सड़क किनारे रेडीमेड और अन्य सामान रखे जाने तथा ग्राहकों के वाहनों को सड़क पर खड़ा किए जाने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। शाम होते ही मंडला-जबलपुर रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि यातायात विभाग, पुलिस प्रशासन, राजस्व विभाग और जिला उद्योग विभाग जैसे जिम्मेदार विभागों के सामने यह स्थिति रोज बन रही है, फिर भी प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।

लोगों का कहना है कि यातायात पुलिस की गाड़ियां दिन में कई बार इस मार्ग से गुजरती हैं, लेकिन अवैध अतिक्रमण और सड़क पर खड़े वाहनों की ओर ध्यान नहीं दिया जाता। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में मंडला कलेक्टर के निर्देश पर इस सड़क का चौड़ीकरण और डामरीकरण कराकर क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किया गया था। इसका उद्देश्य यातायात को सुगम बनाना और आम लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना था। लेकिन अब स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ लोगों ने सार्वजनिक सड़क को अपनी निजी जागीर समझ लिया है, जिससे सरकारी प्रयासों पर पानी फिरता दिखाई दे रहा है।

राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बिंझिया तिराहे पर तत्काल अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर कार्रवाई की जाए, ताकि रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सके।

अब सभी की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं। सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार विभाग कार्रवाई कर बिंझिया तिराहे को जाम से मुक्त करा पाएंगे, या फिर आम जनता को इसी तरह परेशानी झेलनी पड़ेगी?

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »