दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला, 7 जून 2026। फिट इंडिया मूवमेंट के तहत विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर 148वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) द्वारा मंडला साइकिल क्लब (MCC) के सहयोग से एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देना तथा स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणि के निर्देशन में आयोजित यह साइकिल रैली वाहिनी मुख्यालय परिसर से प्रारंभ होकर मंडला शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होकर निकली। रैली में सीआरपीएफ के अधिकारियों, जवानों, मंडला साइकिल क्लब के सदस्यों, स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणि ने कहा कि साइकिल का नियमित उपयोग व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ और फिट बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि साइकिल पर्यावरण के अनुकूल परिवहन साधन है, जिससे वायु प्रदूषण में कमी आती है और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी रत्नेश कुमार सिंह, उप कमांडेंट मनोरंजन कुमार, सहायक कमांडेंट मनोरमा सिंह, सूबेदार मेजर लाल बहादुर थापा सहित अन्य अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। रैली के दौरान फिटनेस, स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया।
साइकिल रैली के माध्यम से प्रतिभागियों ने लोगों को दैनिक जीवन में साइकिल अपनाने और फिट इंडिया अभियान को सफल बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम को स्थानीय नागरिकों का भी भरपूर समर्थन मिला।
