पन्ना। जिले के धरमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भखुरी गांव में एक नवविवाहित दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति-पत्नी ने अज्ञात कारणों के चलते किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके बाद दोनों की उपचार के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक शनिवार रात करीब 8 बजे 25 वर्षीय सागर यादव और उनकी 23 वर्षीय पत्नी श्यामकली यादव परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए। कुछ देर बाद कमरे से उल्टी और चीख-पुकार की आवाजें आने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां दोनों की हालत गंभीर मिली।
परिजनों द्वारा तत्काल दोनों को अजयगढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल पन्ना रेफर कर दिया। रास्ते में श्यामकली यादव की मौत हो गई, जबकि सागर यादव ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतक सागर यादव चार बहनों का इकलौता भाई था। बताया जा रहा है कि दोनों का विवाह लगभग तीन वर्ष पूर्व हुआ था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
धरमपुर थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। नवविवाहिता की मौत होने के कारण सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। फिलहाल दंपती द्वारा यह कदम उठाने के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
