छतरियां मिलते ही नन्हे बच्चों के चेहरे पर खिली मुस्कान

Revanchal
2 Min Read

इनर व्हील क्लब मंडला ने पाठशाला के विद्यार्थियों को बांटी छतरियां और कराया नाश्ता

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला। सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए इनर व्हील क्लब मंडला की महिलाओं ने महाराजपुर स्थित ज्वालाजी वार्ड की एक पाठशाला में अध्ययनरत जरूरतमंद बच्चों के बीच छतरियों का वितरण किया। बारिश के मौसम में बच्चों को सुरक्षित रूप से विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिले, इसी उद्देश्य से लगभग 20 छात्र-छात्राओं को छतरियां प्रदान की गईं। इस अवसर पर बच्चों को नाश्ता भी वितरित किया गया।


कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष अनीता गोयल ने कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ उनकी सुरक्षा भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बारिश के दौरान कई बच्चे भीगकर विद्यालय पहुंचते हैं, जिससे उनके बीमार होने की आशंका बनी रहती है। इसी सोच के साथ क्लब ने यह पहल की, ताकि बच्चे सुरक्षित रूप से घर से विद्यालय आएं और वापस घर लौट सकें।


कार्यक्रम में क्लब की उपाध्यक्ष राधिका अनुराधा, सचिव सरिता इसरानी, कोषाध्यक्ष आशा चौधरी, आईएसओ अनिता राय, चार्टर्ड प्रेसिडेंट अनुराधा चौरसिया तथा क्लब की एडिटर सीमा ज्योतिषी ने सक्रिय सहभागिता निभाई और बच्चों को छतरियां एवं नाश्ता वितरित किया।
विद्यालय की प्राचार्य भलावी मैडम ने इनर व्हील क्लब मंडला की इस सराहनीय पहल के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक सहयोग से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें यह महसूस होता है कि समाज उनके साथ खड़ा है।


छतरियां प्राप्त करते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। उनकी मुस्कान ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं को भावुक कर दिया। क्लब की सदस्यों ने भविष्य में भी जरूरतमंद बच्चों के लिए इसी प्रकार के सेवा कार्य और उपयोगी उपहार उपलब्ध कराने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ऐसे प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »