विश्व योग दिवस पर मंडला कलेक्टर ने किया शीर्षासन

Revanchal
2 Min Read

महिष्मति घाट पर योगासन कर समाज को किया जागरूक

दैनिक रेवांचल टाइम्स, मंडला।
“योग रखें निरोग” के संदेश को साकार करते हुए मंडला कलेक्टर राहुल नामदेव धोते ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महिष्मति घाट, नर्मदा नदी के पावन तट पर विभिन्न योगासन कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। खुले आसमान और प्राकृतिक वातावरण के बीच आयोजित इस योग कार्यक्रम ने सभी को आकर्षित किया।

जिला कलेक्टर ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य का संतुलन बनाए रखना बेहद आवश्यक है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन को भी शांत और ऊर्जावान बनाता है। उन्होंने जिलेवासियों से प्रतिदिन योग अपनाने की अपील करते हुए स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

आकर्षण का केंद्र बना कलेक्टर धोते का शीर्षासन

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर राहुल नामदेव धोते ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विभिन्न योगासन किए। इस दौरान उनके द्वारा किया गया शीर्षासन विशेष आकर्षण का केंद्र बना। नर्मदा तट पर संतुलित और प्रभावशाली शीर्षासन ने उपस्थित लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

कलेक्टर ने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि जीवन का हिस्सा बनना चाहिए। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वयं को निरोग रख सकता है और एक स्वस्थ समाज के निर्माण में भी योगदान दे सकता है। उन्होंने जिले, प्रदेश और देशवासियों को प्रतिदिन योग करने का संदेश देते हुए स्वस्थ भारत की परिकल्पना को मजबूत करने का आह्वान किया।

👁️ 12 views Views
Share This Article
Translate »