ऑपरेशन मुस्कान में मंडला पुलिस की बड़ी सफलता, 52 गुमशुदा बच्चे सकुशल दस्तयाब

Revanchal
2 Min Read

मुस्कान अभियान बना परिवारों की खुशियों का कारण, मंडला पुलिस ने 52 बच्चों को मिलाया परिजनों से

दैनिक रेवांचल टाइम्स मंडला महिला सुरक्षा शाखा, मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा दिनांक 01 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक प्रदेशव्यापी “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य गुमशुदा एवं अपहृत बालक-बालिकाओं की सुरक्षित दस्तयाबी, बाल तस्करी की रोकथाम तथा उन्हें पुनः परिवार से मिलाना रहा।

पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के नेतृत्व में मंडला पुलिस ने अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करते हुए 120.93 प्रतिशत रिकवरी रेट प्राप्त किया, जो जिले के लिए बड़ी उपलब्धि रही। अभियान की मॉनिटरिंग अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा एवं उप पुलिस अधीक्षक सतीश कुमार चतुर्वेदी द्वारा लगातार की गई।

अभियान के दौरान मंडला जिले से 02 बालक एवं 50 बालिकाओं सहित कुल 52 गुमशुदा बच्चों को सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों से मिलाया गया। इनमें मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ महाराष्ट्र, गुजरात, केरल, हरियाणा, बिहार एवं कर्नाटक जैसे अन्य राज्यों से भी बच्चों को खोजकर सुरक्षित वापस लाया गया।

अभियान में थाना कोतवाली, बम्हनी, बिछिया, घुघरी, बीजाडांडी, नैनपुर, मोहगांव, निवास, मोतीनाला, टिकरिया एवं खटिया थाना पुलिस की विशेष टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, निर्माण स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग एवं सत्यापन कार्रवाई की गई।

मंडला पुलिस की इस सफलता ने न केवल गुमशुदा बच्चों को उनके परिवारों से मिलाने का कार्य किया, बल्कि बाल सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली को भी प्रदर्शित किया।

Share This Article
Translate »