8 पुलिस टीमों के समन्वित प्रयास से चार आरोपी गिरफ्तार; ₹50,500 नगद एवं वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो जप्त
दैनिक रेवांचल टाइम्स मंडला,
पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी के निर्देशन में जबलपुर-मंडला सीमा क्षेत्र स्थित चौकी मनेरी अंतर्गत अतुलित फिलिंग सेंटर पेट्रोल पंप पर हुई डकैती का मंडला पुलिस ने सफल पर्दाफाश किया है। पुलिस ने घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे/निशानदेही पर लूटी गई राशि में से ₹50,500/- नगद तथा वारदात में प्रयुक्त वाहन जप्त किया है।
दिनांक 09 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि सात अज्ञात नकाबपोश बदमाशों द्वारा पेट्रोल पंप के कर्मचारियों को हथियारों से भयभीत कर ₹93,875/- नगद लूटकर फरार होने की घटना हुई थी। घटना के संबंध में थाना बीजाडांडी, चौकी मनेरी में अपराध क्रमांक 195/2026, धारा 310(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटनास्थल निरीक्षण से गिरफ्तारी तक पुलिस की कार्रवाई—
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। प्रकरण की विभिन्न कड़ियों पर एक साथ कार्रवाई के लिए 8 विशेष पुलिस टीमों में 40 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को लगाया गया।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र का सूक्ष्म निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य, संभावित मार्ग, तकनीकी साक्ष्य एवं पेट्रोल पंप कर्मचारियों के कथनों का विश्लेषण किया। आरोपियों के हुलिये, पहनावे एवं गतिविधियों के आधार पर संभावित संदिग्धों को चिह्नित कर उनका सत्यापन किया गया।
पुलिस टीमों ने चौकी मनेरी क्षेत्र से जबलपुर के बरेला, भूकम्प कॉलोनी एवं मेडिकल कॉलेज क्षेत्र तक सुरागों का सत्यापन कर संभावित ठिकानों पर योजनाबद्ध दबिश दी। परिणामस्वरूप 15 एवं 16 अगस्त 2026 को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
*गिरफ्तार आरोपी में अमित झारिया, निवासी मनेरी क्षेत्र।
पवन झारिया, निवासी भूकम्प कॉलोनी, मेडिकल कॉलेज क्षेत्र, जबलपुर।
सौरभ शर्मा, निवासी भूकम्प कॉलोनी, मेडिकल कॉलेज क्षेत्र, जबलपुर।
शिवम श्रीपाल, निवासी पुरवा गढ़ा, जबलपुर।
आरोपियों की निशानदेही से ₹50,500/- नगद एवं स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक MP-20-ZX-1968 जप्त किया गया।
आरोपियों की गिरफ्तारी पर ₹30,000/- का कुल इनाम घोषित था, जिसमें पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा ₹10,000/- तथा पुलिस महानिरीक्षक बालाघाट जोन द्वारा ₹20,000/- शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों को विधि अनुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है।
