दैनिक रेवांचल मंडला, कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे एवं पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के नेतृत्व में जिले में नशे के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0 का शुभारंभ पुलिस लाइन मंडला में किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने कहा कि नशा एक घातक जाल है, जिससे स्वयं को और समाज को बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम 10 लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें तथा इसकी शुरुआत अपने घर और परिवार से करें। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए रोको-टोको अभियान को निरंतर जारी रखना होगा, ताकि नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने अपने संबोधन में कहा कि नशे के खिलाफ जनभागीदारी सबसे बड़ा हथियार है। पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि नशे से जुड़े मामलों की सूचना पुलिस को दें और युवा पीढ़ी को इस बुराई से दूर रखने में सक्रिय सहयोग करें।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम एवं नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने भी नशामुक्त समाज के निर्माण में जनसहभागिता की आवश्यकता पर बल देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के पश्चात पुलिस लाइन से बैगा-बैगी चौराहा तक छात्र-छात्राओं द्वारा जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों एवं नशामुक्त जीवन के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा, एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीओपी पीयुष मिश्रा, अतिरिक्त जिला पंचायत सीईओ विनोद मरावी, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी पीयुष पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय ने किया।
