बड़ा फुहारा, घमंडी चौक, करमचंद चौक और आधार क्षेत्र में जॉंच दल के सदस्यों द्वारा की गयी कार्रवाई
अधिकारियों ने स्वीकृत मानचित्र, फायर सेफ्टी उपकरण के साथ लायसेंस की भी ली जानकारी और परिसर क्षेत्र का किया मुआयना
प्रतिष्ठानों में नहीं मिले सुरक्षा के पुख्ता मापदण्ड, नक्शे की भी कराई जायेगी जॉंच – निगमायुक्त

दैनिक रेवांचल टाइम्स जबलपुर। जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के दूसरे दिन भी शहर के बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर जांच दल ने अपनी कार्रवाई जारी रखी। इस दौरान, खंडेलवाल फर्नीचर, वाहेगुरू टैक्सटाईल्स, और अंबिका ट्रेडर्स में जांच की गई, जहाँ सुरक्षा और भवन अनुमतियों के पुख्ता मापदण्ड नहीं पाए गए। जॉंच दल के सदस्यों ने बड़ा फुहारा, घमंडी चौक, करमचंद चौक और आधार क्षेत्र में जॉंच दल के सदस्यों द्वारा कार्रवाई की गयी।
यह भी पढ़े : दिन में ऐशगाह और रात में नशेड़ियों काअड्डा, करोड़ों के मेंटेनेंस पर भारी बदहाली
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर गठित जांच टीम ने तीनों प्रतिष्ठानों का सघन मुआयना किया। अधिकारियों ने इन परिसरों के स्वीकृत मानचित्र, अग्नि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और लायसेंस से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी ली। इसके साथ ही, टीम ने पूरे परिसर क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया ताकि सुरक्षा संबंधी किसी भी चूक का पता लगाया जा सके।
सुरक्षा मापदण्डों की कमी और नक्शों की होगी जाँच
जांच के दौरान प्रतिष्ठानों में सुरक्षा के पुख्ता मापदण्डों की कमी पाई गई, जिस पर निगमायुक्त ने कड़ा रुख अपनाया है। निगमायुक्त ने बताया कि, “प्रारंभिक जांच में प्रतिष्ठानों में सुरक्षा के मानक पर्याप्त नहीं मिले हैं। यह जान-माल की सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ है। इन प्रतिष्ठानों के स्वीकृत नक्शे की भी विस्तृत जॉंच कराई जायेगी। यदि भवन निर्माण में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।“

कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम में भवन अधिकारी नवीन लोनारे, संभागीय भवन अधिकारी जागेन्द्र सिंह, अनुपम शुक्ला, फायर अधीक्षक कुशाग्र ठाकुर, सहायक अग्निशमक अधिकारी नीलेश पाटीदार, तथा भवन अधिकारी शैलेन्द्र कौरव, सुरेन्द्र मिश्रा, अभिषेक तिवारी, और यशवंत सोनी सहित टाइम कीपर महेश शर्मा, सुंदर मरावी, रितेश धुर्वे और दानिया कोरी सहित अतिक्रमण दल के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े : दिन में ऐशगाह और रात में नशेड़ियों काअड्डा, करोड़ों के मेंटेनेंस पर भारी बदहाली
निगम ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा।
